देशभर में हो रहे विरोध के बीच शुक्रवार शाम छह बजे तक नीट के 72 फीसदी और जेईई के 88 फीसदी छात्र प्रवेश पत्र डाउनलोड कर चुके हैं। इस तरह, दोनों परीक्षाओं के करीब 19 लाख छात्र प्रवेश पत्र डाउनलोड कर चुके हैं। एनटीए के मुताबिक, नीट में पंजीकृत 15.97 लाख छात्रों में से 11.50 लाख ने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लिए हैं। वहीं, जेईई में कुल 8.58 लाख छात्र परीक्षा देंगे। इसमें से 7.59 लाख छात्र डाउनलोड कर चुके हैं। जेईई एक से छह सितंबर और नीट 13 सितंबर को होना है।
जेईई-नीट के खिलाफ 22.5 लाख पोस्ट के साथ ट्विटर पर पूरी दुनिया में रहा टॉप ट्रेंड
गैर-भाजपा शासित राज्य शुक्रवार को जहां जेईई और नीट के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट गए वहीं, सोशल मीडिया पर भी इसके विरोध ने जोर पकड़ा। ट्विटर पर इन परीक्षाओं के विरोध वाला ‘#speakupforstudentsafety’ शुक्रवार को 22.5 लाख पोस्ट के साथ पूरी दुनिया में टॉप ट्रेंड में रहा। विद्यार्थियों ने परीक्षा आयोजित करने का विरोध किया।