चंडीगढ़। पिछले काफी समय से चल रहीं छह परियोजनाएं तैयार हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इसी महीने 15 फरवरी के बाद इन परियोजनाओं का उद्घाटन कर सकते हैं। इसी के चलते प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने सभी परियोजनाओं का दौरा किया और काम में तेजी लाने के आदेश दिए।
धर्मपाल ने कार्यों व परियोजनाओं की समीक्षा की। सेक्टर-50 में सरकारी कॉमर्स कॉलेज में छात्रावास के निर्माण के लिए निर्धारित क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने जल्द निर्माण शुरू करने का निर्देश दिया। कहा कि वर्तमान में कॉलेज में छात्रों के लिए छात्रावास की कोई सुविधा नहीं है। वहीं, पानी की आपूर्ति के लिए वॉटर वर्क्स सेक्टर-39 से सारंगपुर तक बिछाई गई आपूर्ति लाइनों का परीक्षण करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उधर, धनास में नवनिर्मित पुलिस आवास परिसर में 336 आवासों का निर्माण किया जा चुका है। सलाहकार ने पुलिस विभाग को आवंटन प्रक्रिया शुरू करने और शेष 240 घरों के निर्माण को प्राथमिकता से शुरू करने का निर्देश दिया है।
स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती करने के आदेश
धर्मपाल ने मक्खन माजरा और रायपुर कलां-फेज 2 में बने नए सरकारी स्कूलों के निर्माण का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि स्कूलों को पूरी सुविधाओं के साथ क्रियाशील बनाया जाए और इन सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में बिना देरी किए तेजी से काम किया जाए। धर्मपाल ने खेल विभाग को सेक्टर-17 में अर्बन पार्क के हिस्से के रूप में बने फुटबाल मैदान का कामकाज शुरू करने के भी निर्देश दिए, ताकि खेल प्रेमी शहर में बनी अत्याधुनिक सुविधाओं का लाभ उठा सकें। इस दौरान गृह सचिव नितिन कुमार यादव, वित्त सचिव डॉ. विजय नामदेवराव जड़े, डीसी विनय प्रताप सिंह, चीफ इंजीनियर सीबी ओझा व प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।