बरगाड़ी बेअदबी से संबंधित बहिबल कलां और कोटकपूरा गोलीकांड की घटनाओं की जांच कर रही एसआईटी द्वारा मंगलवार को चंडीगढ़ में 1 आईएएस और 4 आईपीएस अधिकारियों समेत 6 प्रशासनिक अधिकारियों से करीब 5 घंटे तक पूछताछ की गई। जिन पुलिस अधिकारियों से पूछताछ की गई वे उस दिन घटना स्थल पर ड्यूटी पर तैनात थे। एसआईटी ने इन सभी अफसरों को बहिबल कलां गोलीकांड मामले में गिरफ्तार मोगा के पूर्व एसएसपी चरनजीत सिंह शर्मा से पूछताछ में सामने आए तथ्यों की पुष्टि के लिए तलब किया था।
मंगलवार को एसआईटी के अधिकारियों ने कुछ को पंजाब पुलिस मुख्यालय में बुलाकर पूछताछ की जबकि कुछ अफसरों को 82 बटालियन कैंपस में बुलाया गया। जानकारी के अनुसार एसएसपी परमजीत सिंह पन्नू से देर शाम तक पूछताछ की गई। एसआईटी ने मंगलवार को जिन अन्य पुलिस अफसरों से पूछताछ की उनमें एडीजी जितेंद्र जैन, परमराज सिंह उमरानंगल, डीआईजी बठिंडा अमर सिंह चहल, डिविजनल कमिश्नर वीके मीना, कोटकपूरा के एसपी हरजीत सिंह और एसडीएम हरजीत सिंह संधू शामिल थे।
एसआईटी के एक अधिकारी ने बताया कि इन अफसरों को फिर से पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। खास बात यह है कि एसआईटी ने इस मामले में पहली बार इतने पुलिस अफसरों को पूछताछ के लिए तलब किया । इनमें से बठिंडा के तत्कालीन डीआईजी अमर सिंह चहल से मंगलवार को सुबह और शाम दो बार बुलाकर पूछताछ की गई।
मालूम हो कि बहिबल कलां गोलीकांड में दो सिख नौजवानों की मौत हुई थी, जबकि कोटकपूरा में भी गोली लगने से कई लोग घायल हुए थे। इन दोनों मामलों में क्रमवार पुलिस पर हत्या और इरादा ए कत्ल के केस दर्ज हैं जिनकी जांच एसआईटी कर रही है।