पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के कत्ल की साजिश में शामिल गैंगस्टर दीपक टीनू के पुलिस हिरासत में फरार होने के मामले में पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने टीनू के भागने की पूरी साजिश का पर्दाफाश करने और इस मामले की त्वरित जांच के लिए चार सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इस एसआईटी का नेतृत्व आईजी (पटियाला रेंज) एमएस छिना को सौंपा गया है। इसके तीन सदस्यों में एआईजी (एजीटीएफ) ओपिंदरजीत सिंह, एसएसपी (मानसा) गौरव तूरा और डीएसपी (एजीटीएफ) बिक्रमजीत सिंह बराड़ शामिल हैं। पुलिस थाना सिटी-1 मानसा के एसएचओ इस एसआईटी को पूरी सहायता करेंगे और इसके अलावा एसआईटी बठिंडा और पटियाला रेंज के अधिकारी को भी सहायता के लिए नियुक्त किया गया है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इस मामले की जांच पूरी गति से चल रही है और पुलिस की कई टीमें फरार व्यक्ति को पकड़ने के लिए छापे मारे रही हैं।
बर्खास्त पूर्व सीआईए इंचार्ज के सरकारी आवास से मिले अवैध हथियार
पुलिस हिरासत से गैंगस्टर दीपक टीनू के भागने के मामले में गिरफ्तार पूर्व सीआईए इंचार्ज के सरकारी आवास से तीन अवैध हथियार बरामद हुए हैं। मानसा एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि प्रितपाल सिंह के सरकारी आवास से 45 बोर और 9 एमएम की पिस्टल व 32 बोर का रिवाल्वर बरामद हुआ है। यह हथियार किन मामलों से जुड़े हैं, उसकी गहराई से जांच की जाएगी।
यह भी देखा जाएगा कि इन हथियारों का रिकॉर्ड कहीं दर्ज है या नहीं। उसकी ब्रेजा गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है। इसी गाड़ी में वह टीनू को ले जाता था। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। जल्द ही कुछ और खुलासे हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि दीपक की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापे मारे जा रहे हैं। कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इस समय उनका खुलासा नहीं किया जा सकता लेकिन यह तय है कि आरोपी जल्द पुलिस के शिकंजे में होगा।
11 साल पहले अपराध की दुनिया में रखा कदम
दीपक कुमार उर्फ टीनू ने 11 साल पहले अपराध की दुनिया में कदम रखा था। इन वर्षों में वह हरियाणा में खौफ का पर्याय बन चुका था। भिवानी में तेजीवाड़ा स्थित आवास पर कुछ दिन पहले राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने भी छापा मारा था। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली में टीनू हरियाणा के खिलाफ हत्या, हत्या प्रयास, रंगदारी समेत आर्म्स एक्ट के 32 केस दर्ज हैं। दीपक उर्फ टीनू करीब 11 साल पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा था। नवंबर 2017 में भिवानी के चिड़ियाघर मोड़ स्थित एक जिमखाना में बंटी मास्टर की गोली मारकर हत्या की वारदात को भी टीनू ने दोस्त संपत नेहरा के साथ मिलकर अंजाम दिया था।
सीआईए इमारत की सुरक्षा बढ़ाई गई
गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल गैंगस्टर दीपक टीनू के फरार होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। टीनू के फरार होने के बाद खरड़ स्थित सीआईए की इमारत की अभेद्य सुरक्षा को और ज्यादा मजबूत कर दिया गया है। इमारत की सुरक्षा में जिला पुलिस, स्पेशल कमांडो के साथ रिजर्व फोर्स के जवान तैनात हैं और बैरिकेडिंग की गई है। वहीं अभी वहां होने वाले दशहरे के चलते भी सिविल ड्रेस में पुलिस हर मूवमेंट पर नजर रख रही है।
सीआईए की इमारत के बाहर एक पीसीआर को 24 घंटे एलएमजी के साथ वहां पर तैनात किया गया है। पीसीआर पार्टी को 24 घंटे गश्त करने को कहा है। साथ ही इमारत के बाहर फ्लड लाइट भी लगाई गई है। एसपी (हेडर्क्वाटर) अजिंदर सिंह ने कहा कि गैंगस्टर दीपक टीनू का फरार होना चिंता की बात है। यहां जब भी कोई गैंगस्टर लाया जाता है तो उसकी सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया जाता है। जब भी उसे पेशी पर ले जाते हैं तो अधिकारियों के दिशानिर्देशों का पूरा पालन किया जाता है। बाकायदा बुलेटप्रूफ गाड़ी में ले जाया जाता है।