सिरसा ने कहा कि जगजीत कौर अपने माता पिता के घर लौट आई है। गवर्नर सरवर के निवास में जगजीत कौर को उसके माता पिता व भाई के साथ मिलवाया गया। जिस मुस्लिम युवक ने जगजीत कौर का अपहरण कर उसका धर्मपरिवर्तन करवाकर शादी रची थी, उसके पिता ने माफी मांगी और कहा कि इस लड़की के साथ उनके परिवार का कोई भी संबंध नहीं है। जगजीत कौर अपने माता पिता के घर रहेगी।
बता दें कि पूरे मामले को लेकर भारत में कई संगठन और लोगों ने विरोध किया था। वहीं पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पाकिस्तान में एक सिख युवती के जबरन धर्मांतरण पर हैरानी जताई थी। सीएम ने इस मामले में पाकिस्तानी पीएम इमरान खान से बात कर दोषियों को कड़ी सजा देने को भी कहा था।
इस दौरान सीएम ने गुस्सा जताते हुए कहा था कि जो भी धर्मांतरण के लिए जिम्मेदार हैं, वे बचने नहीं चाहिए। धर्म एक निजी मामला है। जबरन धर्मांतरण की आज के समाज में कोई जगह नहीं है। वहीं भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी पूरे मामले को पाक के समझ उठाया था और गहरी चिंता भी व्यक्त की थी।
पंजाब के सीएम ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, 'राहत मिली कि जगजीत कौर ननकाना साहिब में अपने परिवार के पास लौट आईं। मैं सभी को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने जगजीत कौर को अपनी आवाज दी और सुनिश्चित किया कि हमारी बेटी के खिलाफ जो गलत किया गया है, उसे ठीक किया जाए। इस तरह के जबरन धर्मांतरण का सभ्य दुनिया में कोई स्थान नहीं है और इसे बंद होना चाहिए।'