ब्रिटेन में एक सिख के साथ की जा रही मारपीट का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने नस्ली हमले की आशंका जताते हुए इसकी जांच शुरू कर दी है।
उधर,पंजाब के सीएम प्रकाश सिंह बादल, शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल और केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर ने इसकी निंदा की है। बर्मिंघम मेल की खबर के अनुसार वीडियो बर्मिंघम शहर की ब्रोड स्ट्रीट में रविवार को सिख व्यक्ति पर हुए हमले का है।
इसमें सिख अपना चेहरा छुपाए हुए है जबकि हमलावर लगातार उस पर लात-घूंसे बरसा रहे हैं। वहीं अपने रिश्तेदार को बचाने में दूसरा युवक जख्मी होकर नीचे गिरा पड़ा है। हमले के दौरान वहां काफी भीड़ जमा है लेकिन किसी ने भी उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की।
मारपीट को लेकर भारतीयों में रोष
इस नस्ली वारदात के खिलाफ भारत और ब्रिटेन के लोगों में आक्रोश है। सोशल मीडिया पर सवाल दागे जा रहे हैं कि तमाशबीन खड़े लोगों ने पीड़ित को बचाने की कोशिश क्यों नहीं की?
वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला नस्ली हिंसा का लग रहा है। यह बेहद गंभीर मुद्दा है और इसकी हर पहलू से जांच की जाएगी।
फिलहाल वीडियो में दिखने वाले पीड़ित सिख और हमलावरों की जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है। घटना की जानकारी के लिए पुलिस लगातार लोगों से सामने आने की अपील कर रही है।
‘वीडियो बनाने के बजाय बचाना बेहतर होता’
फेसबुक पर लोगों ने सिख पर हमले की कड़ी निंदा की है। डेली सिख अपडेट्स पेज पर एक शख्स ने लिखा है कि हमले का वीडियो बनाने वाले अगर सिख की मदद करते तो बेहतर होता।
वहीं एक अन्य ने लिखा, ‘अकेले शख्स पर इतने लोगों का हमला शर्म की बात है कि लोग तमाशबीन बने खड़े रहे लेकिन कोई बचाव के लिए आगे नहीं आया।’
पहले भी हुए हमले
अप्रैल्ा 2013
लंदन में वकील रशविंदर पनेसर पर दो लोगों ने बोला हमला, पनेसर गंभीर रूप से हुए घायल
अगस्त 2013
लंदन में एक 19 वर्षीय लड़की ने अस्सी साल के सिख बुजुर्ग पर जानलेवा हमला किया
जनवरी 2015
वेल्स के सुपर मार्केट में सिख डेंटिस्ट सरनदेव पर हथौड़े से हमला, गंभीर रूप से घायल
हमला अमानवीय और क्रूरतापूर्ण है। हम पीएम मोदी से अनुरोध करेंगे कि वह सिखों की रक्षा के लिए ब्रिटेन में अपने समकक्ष के सामने यह मुद्दा उठाएं।
-प्रकाश सिंह बादल, सीएम, पंजाब