हरियाणा पंचायत चुनाव की महिला प्रत्याशी को अज्ञात बाइक सवारों ने गोली मारी दी। गोली लगने से महिला घायल होकर गिर गई, जबकि हमलावर वहां से फरार हो गए। मामला हरियाणा में शाहबाद के गांव आदमपुर का है।
महिला गांव में सरपंच पद की उम्मीदवार है। खेत में काम कर रहे लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी और महिला को पुलिस ने सीएचसी शाहाबाद में दाखिल कराया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया। वहीं, चर्चा इस बात की भी है कि बाइक सवार दो युवक नहीं, बल्कि तीन बाइकों पर छह युवक वहां से लोगों ने भागते देखे हैं।
मामले के अनुसार शाहाबाद के साथ लगते हुए गांव अहमदपुर के पास मंगलवार की शाम करीब पौने 5 बजे उस समय हड़कंप मच गया जब एक्टिवा पर जा रही एक महिला को किसी ने गोली मार दी। एक्टिवा सवार महिला गोली लगते ही स्कूटी समेत रोड पर नीचे जा गिरी।
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास खेतों में काम कर रहे लोग वहां पहुंच गए और राहगीर भी काफी एकत्र हो गए। महिला की पहचान गांव कतलाहरी निवासी रानी पत्नी जगजीत सिंह (36/37) के रूप में हुई। ग्रामीणों में से किसी ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दे दी।
थाना शाहाबाद प्रभारी राजेश कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे और राहगीरों की मदद से महिला को तुरंत अस्पताल में पहुंचाया। चिकित्सकों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
महिला की पीठ में लगी गोली
ग्रामीणों ने बताया कि महिला रानी गांव कतलाहरी से सरपंच पद की सशक्त दावेदार है। वह पिछले काफी समय से चुनावों के लिए प्रचार में जुटी हुई है।
मंगलवार को वह शाहाबाद किसी कार्य से आई थी और वहां से वापस हबाना गांव होते हुए अपने गांव की ओर जा रही थी, लेकिन अहमदपुर गांव के पास बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली रानी की पीठ में लगी और वह नीचे गिर गई। गोली लगने वाले स्थान पर कोई ऑपरेशन नहीं किया गया और गोली रानी की पीठ में ही लगी हुई है।
बच्चों के साथ अकेले रहती है महिला
बताया जा रहा है कि महिला का पति जगजीत सिंह 8 वर्ष पहले ऑस्ट्रेलिया रवाना हो गए थे। वह वहीं पर स्थापित हो गया है। बताया जा रहा है कि वह पिछले 8 वर्षों में एक बार भी यहां वापस नहीं आया है। महिला अपने दो बच्चों, जिनमें एक बेटा व एक बेटी के साथ गांव कतलाहरी में रहती है।
कुछ वर्ष तक महिला रानी कुरुक्षेत्र में भी रही है, लेकिन कुछ समय पहले वापस आ गई। बताया जा रहा है कि महिला के अपने ससुर के साथ जमीन जायदाद को लेकर काफी विवाद चल रहा है। इस बात को लेकर पहले लड़ाई भी हो चुकी है, जिसके बाद महिला वापस गांव में रहने चली आई थी।
राजेश कुमार, एसएचओ, थाना शाहाबाद ने बताया कि अहमदपुर के पास एक बाइक पर सवार दो युवकों ने गोली मार दी। महिला की पहचान रानी निवासी कतलाहरी के रूप में हुई है। मारने वाले युवक फरार हो गए हैं। महिला के अभी बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं, उनके बयान के बाद ही हमले को लेकर कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। महिला के बयान के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।