चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय में दुकानदारों ने दूसरे दिन भी हड़ताल की। उन्होंने कहा कि पीयू दुकानदारों के लिए नियम सरल करे और अनावश्यक टैक्स न लगाए। दुकानदारों की समस्याओं को समझा जाए। आए दिन दुकानें बंद करने के फरमान जारी न किए जाएं। दुकानदारों को कोरोना के कारण काफी नुकसान हुआ है। उनके साथ आर्थिक संकट खड़ा हो गया। उनकी परेशानी को कोई नहीं समझ रहा। केवल दुकानें बंद करने और टैक्स लगाने के फरमान जारी होते हैं।
उन्होंने कहा कि दुकानों के आवंटन आदि की प्रक्रिया को भी ठीक करना होगा। दुकानदारों की समस्याएं जो चल रही हैं या पहले पीयू के सामने रखी गई थीं, उनको हल किया जाए। तमाम समस्याएं अब तक पेंडिंग हैं। दुकानदारों का कहना है कि पीयू को दुकानों का किराया आधा कम करना चाहिए। बिजली के बिलों में राहत दी जाए। इसके अलावा लीज डीज बढ़ाई जाए। मार्केट कमेटी सचिव जतिंदर जौहर ने कहा कि पीयू उनकी मांगों को पूरा करे। दुकानदारों को नुकसान हो रहा है।
जल्द से जल्द मांग पूरी हों अन्यथा हड़ताल आगे भी जारी रहेगी। उधर, दुकानदारों की हड़ताल होने के कारण शिक्षकों व कर्मचारियों को परेशानी हुई। उन्हें सामान आदि लेने के लिए दूसरे सेक्टरों तक दौड़ लगानी पड़ी। कई शिक्षकों ने पीयू प्रशासन से कहा है कि दुकानें खुलवाई जाएं ताकि उन्हें सामान बाहर से न लाना पड़े।