मनीमाजरा। बस स्टैंड मनीमाजरा के पास सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ पर बैठे रेहड़ी फड़ी वालों को वहां से हटवाने के लिए दुकानदारों ने टेंट लगाकर अब पक्का धरना शुरू कर दिया है। मनीमाजरा व्यापार मंडल और जनता रेहड़ी मार्केट के बैनर तले शुरू हुए इस धरने में अब सोमवार से रोजाना चार लोग धरने पर बैठा करेंगे। मनीमाजरा व्याापर मंडल के प्रधान मलकीत सिंह का कहना कि उन्होंने पिछले सप्ताह से यहां धरना शुरू किया है लेकिन शहर में धारा 144 लगी होने के चलते धरने में अब रोजाना चार लोगों को बैठाना शुरू किया है। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड के सामने वाली सड़क पर दोनों तरफ अवैध कब्जा कर इन रेहड़ी फड़ी वालों ने फुटपाथ पर फड़ी लगा रखी है जबकि इनकी जगह आईटी पार्क में है। वहां पर नगर निगम ने इनको वेंडर जोन बनाकर पक्की जगह दे रखी है। इसके बावजूद फड़ी वाले वहां न जाकर यहां पर कब्जा कर बैठे हैं। इसका शहर के छोटे से लेकर बड़े दुकानदारों तक को नुकसान उठाना पड़ा रहा है। इसके साथ ही बस स्टैंड वाली सड़क पर हमेशा ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है।
मलकीत सिंह और वसीम मोहम्मद का कहना है कि इन फड़ी वालों के अपने और ग्राहकों के वाहन भी दिनभर सड़क पर खड़े रहते हैं जिससे सड़क से निकलना मुश्किल हो गया है। रेहड़ी मार्केट के दुकानदार मतलूब खान मत्ता का कहना है कि यह फड़ी सरकारी स्कूल के सामने और स्कूल की दीवार के साथ गेट तक लगी हुई है जबकि दूसरी तरफ यह फड़ी सरकारी अस्पताल की दीवार के साथ लगी है। इसके बावजूद नगर निगम के अधिकारी राजनीतिक दबाव में फड़ी वालों को यहां से हटाकर वेंडर जोन में नहीं भेज रहे है। मलकीत सिंह का कहना कि जब तक यहां से ये फड़ी वाली उठाए नहीं जाते, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।