फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंडीगढ़: अकाली नेताओं ने सीएम हाउस तक निकाला मार्च, सुखबीर बादल समेत वरिष्ठ नेताओं ने दी गिरफ्तारी 

Sat, 27 Nov 2021 07:12 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

सुखबीर बादल ने कहा कि अकाली दल पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के खिलाफ दमन और बदलाखोरी की भावना के खिलाफ लड़ना जारी रखेगा।
विज्ञापन
चंडीगढ़ में गिरफ्तारी देने जाते अकाली प्रधान सुखबीर बादल व अन्य नेता। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को झूठे ड्रग्स मामले में फंसाने की कांग्रेस की साजिश के विरोध में कोर कमेटी के सदस्यों के साथ गिरफ्तारी दी। पंजाब एमएलए हास्टल के बाहर कड़ी सुरक्षा में बावजूद वरिष्ठ नेताओं ने बैरिकेड्स तोड़कर मुख्यमंत्री आवास तक मार्च किया और गिरफ्तारी दी।

विज्ञापन


इस अवसर पर अकाली दल के अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिद्धू राज्य सरकार को बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ झूठा मामला दर्ज करने का निर्देश देकर अतिरिक्त सांविधानिक उपायों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और गृहमंत्री ने न केवल कांग्रेस सरकार की विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए इस मांग पर सहमति जताई, बल्कि डीजीपी को झूठा मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है। इस मामले में शिअद का रुख स्पष्ट है। राज्य में शिअद-बसपा गठबंधन की सरकार बनते ही ऐसे लोगों पर मुकदमा चलाया जाएगा। हम इन झूठे मामलों की जांच के लिए एक कमीशन भी गठित करेंगे, जिसमें अकाली कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज सभी झूठे मामले शामिल हैं। 

बादल ने कहा कि इस तरह के हथकंडों से शिअद को डराया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि हम लोगों के पक्ष में आवाज उठाते रहेंगे और कांग्रेस की ओर से उनसे किए गए वादों के पूरा होने तक डटकर खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि अकाली दल पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के खिलाफ दमन और बदलाखोरी की भावना के खिलाफ लड़ना जारी रखेगा।
विज्ञापन


गिरफ्तारी देते हुए बादल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बेअदबी और ड्रग्स के मुद्दे का लगातार राजनीतिकरण किया है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए शीर्ष नेताओं और डीजीपी ने राज्यपाल गेस्ट हाउस में बैठकर मुझे फंसाने के लिए साजिश रची थी। हालांकि शिअद ने इस साजिश को बेनकाब कर दिया था। अब बिक्रम सिंह मजीठिया को फंसाने के लिए एक और साजिश रची गई। उन्होंने सरकार पर पूरी अकाली लीडरशिप को गिरफ्तार करने की चुनौती देते हुए कहा कि हम इस साजिश को पूरी तरह से बेनकाब करेंगे। इस मार्च में भाग लेने वाले वरिष्ठ नेताओं में एसजीपीसी अध्यक्ष बीबी जागीर कौर, प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा, महेशइंदर  ग्रेवाल, डॉ. दलजीत सिंह चीमा, गुलजार सिंह रणीके, जगमीत सिंह बराड़, बलदेव मान, शरणजीत सिंह ढिल्लों, एनके शर्मा, परमबंस सिंह बंटी रोमाणा, हरीश राय ढांडा, चरनजीत बराड़, रोजी बरकंदी , वरदेव मान और रंजीत गिल शामिल थे।

नेताओं और वर्करों को सेक्टर-3 ले जाया गया
मुख्यमंत्री का आवास घेरने जा रहे शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेताओं को शनिवार को चंडीगढ़ पुलिस ने सीएम आवास से करीब एक किलोमीटर दूर रोक लिया। इस दौरान अकाली नेताओं और वर्करों ने नारेबाजी की और बैरिकेड लांघने की कोशिश की। इसके चलते अकाली वर्करों की पुलिस के साथ काफी देर तक धक्कामुक्की भी हुई और बाद में चंडीगढ़ पुलिस सभी नेताओं और वर्करों को हिरासत में सेक्टर-3 थाने ले गई। सुबह करीब 11 बजे अकाली नेता और वर्कर मुख्यमंत्री आवास से करीब एक किमी की दूरी पर एकत्र हुए, लेकिन जैसे ही वे आगे बढ़ने लगे, पुलिस ने उन्हें रोक लिया। धक्कामुक्की के बीच पुलिस ने सभी नेताओं और वर्करों को हिरासत में ले लिया। दोपहर बाद सभी को रिहा भी कर दिया गया। इस दौरान कुछ पार्टी वर्कर्स सारंगपुर में भी हिरासत में लिए गए। उन्हें भी दोपहर बाद रिहा कर दिया गया।

मजीठिया पर पूरे देश में कहीं भी कोई केस नहीं : सुखबीर
बाद में चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता में शिअद के प्रधान सुखबीर बादल ने कहा कि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ पंजाब में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में कहीं भी किसी प्रकार का कोई मामला दर्ज नहीं है। इसके बावजूद पंजाब सरकार उन्हें झूठे केस में फंसाने की साजिश रच रही है। मुख्यमंत्री चन्नी ने डीजीपी के साथ मीटिंग करके आदेश दिए हैं कि वे मजीठिया के खिलाफ केस बनाएं और उन्हें मुकदमे में फंसाए। इसी का विरोध करने के लिए शनिवार को वह मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के पास अकाली दल के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए कांग्रेस अब राजनीतिक बदलाखोरी पर उतर आई है। अकाली नेताओं और वर्करों पर झूठे मुकद्दमों में फंसाने की साजिश रची जा रही है, जिसे कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें