एसजीपीसी महासचिव गुरचरण सिंह ग्रेवाल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने श्री हरमंदिर साहिब से पवित्र गुरबाणी के मुफ्त प्रसारण के लिए अपना यूट्यूब चैलन शुरू करने का फैसला लिया है। हालांकि पहले चरण में फेसबुक के जरिये प्रसारित किया जाएगा। इस संबंध में एसजीपीसी के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी शुक्रवार को एसजीपीसी कार्यालय में होने वाली पदाधिकारियों की बैठक में विधिवत एलान कर सकते हैं।
इससे पहले गुरुवार को एसजीपीसी के महासचिव गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने एक बयान में कहा कि एसजीपीसी अपना यूट्यूब चैनल शुरू करने जा रही है। यह चैनल 24 जुलाई तक शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब के तत्कालीन जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह के आदेश को ध्यान में रखते हुए एसजीपीसी ने अपना यूट्यूब चैनल शुरू करने के लिए टेक्निकल स्टूडियो तैयार करना शुरू कर दिया है, जहां से गुरबाणी के सीधे प्रसारण के अलावा एसजीपीसी की विभिन्न गतिविधियों को सिख संगत के साथ साझा किया जाएगा।
ग्रेवाल ने यह भी बताया कि चैनल के लिए बजट का निर्धारण पहले ही कर लिया गया था और गत छह माह से तैयारी चल रही थी। उन्होंने कहा कि गुरबाणी प्रसारण का पीटीसी चैनल के साथ एसजीपीसी का कांट्रेक्ट 23 जुलाई को समाप्त हो रहा है।
चैनल शुरू करने की सूचना सरकार को देगी एसजीपीसी
पंजाब सरकार की ओर से श्री हरमंदिर साहिब से गुरबाणी के मुफ्त प्रसारण के लिए सिख गुरुद्वारा एक्ट में किए गए संशोधन से उपजे हालात के बीच एसजीपीसी ने चैनल शुरू करने की सूचना राज्य सरकार को देने पर भी विचार शुरू कर दिया है, ताकि एसजीपीसी के कामकाज में कोई हस्तक्षेप न करे और गुरबाणी के प्रसारण में सरकार का दखल न हो।
एसजीपीसी के कई सदस्य भी लगातार नेतृत्व पर दबाव बना रहे हैं कि एसजीपीसी अपना टीवी चैनल शुरू करे और श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार के आदेश पर अमल करे। सदस्यों द्वारा यह भी मांग की जा रही है कि गुरबाणी प्रसारण के लिए टेंडर मंगाने की नीति भी छोड़ी जाए।