चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) कार्यालय अब वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराने जा रहा है। कोई भी वरिष्ठ नागरिक जो सीएचबी कार्यालय अपनी फरियाद लेकर पहुंचेगा, उसकी पहले जन सुनवाई होगी।
वरिष्ठ नागरिक को भी फरियाद, फाइल या कोई समस्या लेकर आते हैं तो उनके लिए कार्यालय में अलग रिसेप्शन व काउंटर बनाया गया है। अलग काउंटर की व्यवस्था के अलावा कोई कर्मचारी या अधिकारी वरिष्ठ नागरिकों के साथ गलत व्यवहार करता है तो उस पर विभागीय एक्शन लिया जाएगा। यह आदेश सीईओ हाउसिंग बोर्ड ने जारी किए हैं।
बोर्ड ने कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे कार्यालय आने वाले लोगों, खासकर बुजुर्गों के साथ शालीनता, धैर्य और पारदर्शिता के साथ व्यवहार करें। यह निर्णय वरिष्ठ नागरिकों को हो रही परेशानियों के मद्देनजर लिया गया है। इस संदर्भ में सीईओ ने जो सर्कुलर जारी किया, उसमें कहा है कि यह देखा गया है कि कई वरिष्ठ नागरिक बोर्ड के कार्यालय में आने पर दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि वे उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुनें और जल्द समाधान सुनिश्चित करें। इसके साथ ही आम जनता के लिए भी सेवाओं को सरल और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है।
हाउसिंग बोर्ड के हर विभाग में अलग काउंटर बनाने के निर्देश
सीएचबी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रिसेप्शन सेक्शन पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से काउंटर या कतार की व्यवस्था की जाएगी। इससे बुजुर्गों को लंबी लाइनों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा और उनकी शिकायतों का त्वरित निस्तारण हो सकेगा। सर्कुलर में कर्मचारियों को यह भी चेतावनी दी गई है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, बदसलूकी या असभ्य व्यवहार को गंभीरता से लिया जाएगा। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ ऐसी शिकायत सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।