बुजुर्गों को प्राथमिकता दी जाए
कोरोना का सबसे ज्यादा खतरा वरिष्ठ नागरिकों को है। कई ऐसे बुजुर्ग हैं, जो अकेले रहते हैं। उनकी देखभाल करने वाला भी कोई नहीं रहता। ऐसे में फ्रंटलाइन कोरोना वॉरियर्स के साथ शहर के वरिष्ठ नागरिकों का भी टीकाकरण किया जाना चाहिए। -मान कौर, एथलीट
प्रशासन गंभीरता से सोचे
वरिष्ठ नागरिकों की प्रशासन और सरकार दोनों को हर तरह से मदद करनी चाहिए, जिसमें सुरक्षा से लेकर उनकी दूसरी दिक्कतें भी शामिल हैं। कोरोना से कोई अछूता नहीं रहा है। बुजुर्ग लोगों को वैक्सीन की सबसे ज्यादा जरूरत है। ऐसे में प्रशासन से अपील है कि जैसे ही वैक्सीन आए, वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता दी जाए।
-मिल्खा सिंह, पूर्व भारतीय एथलीट
जिन पर खतरा सबसे ज्यादा, उन्हें मिले प्राथमिकता
सीनियर सिटीजन की देखभाल करना प्रशासन व सरकार की प्राथमिकता में शामिल होना चाहिए। वैक्सीन की जरूरत सभी को है लेकिन उन्हें सबसे पहले लगनी चाहिए, जिन पर खतरा सबसे ज्यादा है। प्रशासन इस बारे में गंभीरता से सोचे और तैयारी करे।
-महेंद्र सिंह विर्क, विंग कमांडर (सेवानिवृत्त), सेक्टर-38 वेस्ट
वरिष्ठ नागरिकों को टीके की सबसे ज्यादा जरूरत
डब्ल्यूएचओ की स्टडी के मुताबिक, कोरोना की चपेट में सबसे अधिक बुजुर्ग लोग ही आ रहे हैं। ऐसे में टीके की जरूरत वरिष्ठ नागरिकों को सबसे अधिक है। ऐसे में प्रशासन को चाहिए कि वह वरिष्ठ नागरिकों का टीकाकरण पहले कराए।
-सुभाष मलिक, प्रधान सीनियर सिटीजन एसोसिएशन सेक्टर-40
कई महीनों से घरों में कैद हैं बुजुर्ग
मैं कई महीनों से वरिष्ठ नागरिकों के बीच हूं। वह कई महीनों से घरों के अंदर बंद हैं। ऐसे में कई बुजुर्ग मानसिक परेशानियों से घिर चुके हैं। उनके बारे में प्रशासन को सोचना चाहिए। वैक्सीन लगने के बाद ही वह घर से बाहर निकल पाएंगे। इसलिए प्रशासन इस प्रस्ताव पर तुरंत विचार करे।
-आईपी पुरी, प्रधान सीनियर सिटीजन एसोसिएशन