छह जून को घल्लूघारा दिवस से पहले पंजाब के अमृतसर में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। श्री दरबार साहिब व श्री दुर्ग्याणा मंदिर को जाने वाले रास्तों पर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात हैं। अमृतसर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर चेकिंग बढ़ाई गई है। पंजाब पुलिस के अलावा कमांडो तैनात किए गए हैं। पैरा मिलिट्री फोर्स की कंपनियां भी शहर में पहुंच चुकी हैं और जवानों ने लोकल पुलिस के साथ मिलकर मोर्चा संभाल लिया है।
श्री दरबार साहिब की तरफ जाने वाले रास्तों पर वाहनों की गहन चेकिंग की जा रही है। शहर में 50 से अधिक मुख्य चौक तथा शहर के प्रवेश द्वारों को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। पुलिस नाकों पर वाहनों की चेकिंग कर रही है। बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस की टीम श्री दरबार साहिब, श्री दुर्ग्याणा मंदिर और बस स्टैंड के आसपास होटलों की चेकिंग भी कर रही है।
पुलिस कमिश्नर ने सभी होटल प्रबंधकों को हिदायत की है कि वे अपने यहां आने वाले हर व्यक्ति की रजिस्टर में एंट्री करें। होटलों के कमरों में ठहरने वाले यात्रियों से उनके पहचान पत्र लें और उनके संपर्क नंबर को अपने रजिस्टर में दर्ज करें। इसके साथ ही पुलिस कमिश्नर ने पुलिस टीमों को शहर के होटलों, सरायों व गेस्ट हाउस में लगातार सर्च अभियान चलाने की भी हिदायतें दी हैं।
शहर के चौक में लगे सीसीटीवी कैमरों से रखी जा रही नजर
सुरक्षा की दृष्टि से शहर के चौकों में लगे कैमरों से लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस लाइन में बने कंट्रोल रूम में सहायक पुलिस कमिश्नर को तैनात किया गया है, जो समय-समय पर इसकी रिपोर्ट पुलिस कमिश्नर को देने के साथ ही हलकों के थाना प्रभारियों के साथ भी को-आर्डिनेट कर रहे हैं।
पुलिस अलर्ट पर है। शहर के महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। बाहर से आने वाले वाहनों की गहनता से जांच के बाद ही शहर में प्रवेश करने की इजाजत दी जा रही है। अरुणपाल सिंह, पुलिस कमिश्नर, अमृतसर।