चंडीगढ़। विरोध के बाद यूटी प्रशासन ने शनिवार को बी-टाइप के ऑक्सीजन सिलिंडर की सिक्योरिटी राशि को 25 हजार रुपये से घटाकर 10 हजार रुपये कर दिया। डी-टाइप सिलिंडर के लिए लोगों को अभी भी 25 हजार रुपये ही सिक्योरिटी देनी होगी। गैस भराने का खर्च अलग होगा। ये आदेश शहर में ऑक्सीजन सप्लाई के नोडल अधिकारी यशपाल गर्ग की तरफ से जारी किए गए हैं।
घर में अपना इलाज करा रहे कोरोना के मरीजों के लिए उनके परिजन चंडीगढ़ में ऑक्सीजन सिलिंडर भरवा सकें, इसलिए ये व्यवस्था शुरू की गई है। यूटी प्रशासन ने पहले निजी सिलिंडरों के भरने पर रोक लगा दी थी, जिसे अब ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से शुरूकर दिया गया है।
ऑनलाइन आवेदन करने वालों को ही मिलेगा सिलिंडर
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऑक्सीजन सिलिंडर सिर्फ उन्हें ही भर कर दिया जाएगा, जिन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया होगा और आवेदन को मंजूरी मिली होगी। वेबसाइट http://chandigarh.gov.in/ पर जाने के बाद दाएं तरफ ‘ई-परमिट फॉर ऑक्सीजन सिलिंडर’ का लिंक है, जहां क्लिक करने के बाद एक पेज खुलेगा। यहां सभी जानकारी भरनी होगी। ऑक्सीजन की आवश्यकता के लिए डॉक्टर द्वारा लिखी गई पर्ची व कोई भी पते का सबूत देना होगा। जैसे ही आवेदन को मंजूरी मिलेगी, आनेदनकर्ता को ई-परमिट जारी कर दिया जाएगा। ये दो दिन के लिए मान्य होगा। ई-परमिट को प्रिंट कराने की जरूरत नहीं होगी। ई-परमिट को दिखा कर सुपर एजेंसी, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित 40-एमडब्ल्यू (मोबाइल नंबर-9888035000) से अतिकतम दो सिलिंडर भरवा सकेंगे। शनिवार को शहर के कई लोगों ने सिक्योरिटी राशि के ज्यादा होने की शिकायत की थी, जिसके बाद प्रशासन ने बी-टाइप सिलिंडर के लिए दाम घटा लिए।
ये तय किए नए दाम
अगर आपके पास सिलिंडर नहीं है तो...
- डी-टाइप सिलिंडर के लिए 25 हजार और बी-टाइप सिलिंडर के लिए 10 हजार रुपये की सिक्योरिटी। सिलिंडर वापस देने पर 100 रुपये रोजाना के काटने के बाद बाकी पैसे वापस।
- डी-टाइप सिलिंडर के रिफिलिंग के लिए 295 रुपये + 12 प्रतिशत जीएसटी
- बी-टाइप सिलिंडर के रिफिलिंग के लिए 175 रुपये + 12 प्रतिशत जीएसटी
अगर किसी के पास खाली सिलिंडर है तो...
- डी-टाइप सिलिंडर के रिफिलिंग के लिए 295 रुपये + 12 प्रतिशत जीएसटी
- बी-टाइप सिलिंडर के रिफिलिंग के लिए 175 रुपये + 12 प्रतिशत जीएसटी