चंडीगढ़। पीजीआई में कोविशील्ड वैक्सीन के परीक्षण का दूसरा चरण भी सफल रहा। सभी स्वयंसेवक ठीक हैं। वैक्सीन का किसी पर कोई दुष्प्रभाव नहीं हुआ। इससे पीजीआई गदगद है। इसी को लेकर पीजीआई ने कोविशील्ड वैक्सीन ट्रायल टीम की सराहना करते उन्हें सम्मानित किया।
दुनियाभर में कोविड वैक्सीन का परीक्षण अभी चल रहा है। भारत में भी कोविशील्ड का परीक्षण अभी चल रहा है। आपात स्थिति में इसके लगाने का क्रम भी जारी है। कोविशील्ड का परीक्षण पीजीआई में भी चल रहा है। दूसरे चरण के लिए 149 स्वयंसेवकों का चयन किया गया था, जिन्होंने 28 दिनों के टीकाकरण को पूरा कर लिया है और सभी स्वयंसेवक स्वस्थ हैं। इसका कोई दुष्प्रभाव नजर नहीं आया। लगभग तीन माह का यह परीक्षण पूरा हुआ। वैक्सीन की पहली खुराक से छह माह तक इन स्वयंसेवकों की निगरानी पीजीआई करता रहेगा। सफलता को ध्यान में रखते हुए टीम को सम्मानित किया गया। इस मौके पर पीजीआई निदेशक प्रो. जगत राम, टीम का नेतृत्व कर रहीं स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ की प्रो. मधु गुप्ता, प्रो. नुसरत शफीक, डॉ. अर्नब घोष, प्रो. पंकज मल्होत्रा, प्रो. आशीष भल्ला, प्रो. विकास सूरी, डॉ. रतिन मोहिंद्रा, डॉ. तरुणदीप आदि मौजूद रहे।