लाडवा। जन स्वास्थ्य विभाग के उपमंडल अभियंता वीके गुप्ता ने कहा कि गांव बीड़ कालवा (सूरजगढ़) में हर घर में पूरा पानी पहुंच रहा है। कोई भी ऐसा घर नहीं है, जहां पानी की समस्या हो।
वीके गुप्ता ने गांव बीड़ कालवा में आ रही पानी की समस्या के लिए न केवल गांव का दौरा किया, बल्कि जांच भी की।
उन्होंने बताया कि बीते मंगलवार को ग्रामीण गुरदयाल सिंह ने घर में पानी न पहुंचने की शिकायत के आधार पर भाकियू के पदाधिकारियों के साथ मिलकर उन्हें बंधक बनाकर कार्यालय को ताला जड़ दिया था।
उनके अनुसार पुलिस प्रशासन व नायब तहसीलदार राजेंद्र के सहयोग के बाद भाकियू ने ताला खोला और उन्हें व कर्मचारियों को मुक्त करवाया।
उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर वह अपनी टीम, बाबैन पुलिस प्रशासन के एएसआई जीत राम व गांव के सरपंच सहित अन्य ग्रामीणो के साथ गांव में शिकायतकर्ता के घर में पानी न पहुंचने की समस्या का जायजा लिया तो पाया कि घर में पूरा पानी आ रहा था।
शिकायतकर्ता के घर में लगे पाइप के कारण ही पूरा पानी नहीं पहुंच रहा था। जब कर्मचारियों ने पाइप को ठीक किया तो शिकायतकर्ता के घर में भी अन्य घरों की तरह पूरा पानी पहुंचने लगा।
उन्होंने शिकायतकर्ता पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह न केवल झूठी शिकायत कर रहा है बल्कि अभी भी धमकियां दे रहा है कि जब तक विभाग गांव के छोर में लगी लाइन में वाल नहीं लगवाएगा, वह इसी प्रकार शिकायत करता रहेगा।
उनका कहना था कि अगर शिकायतकर्ता के अनुसार वाल लगाया जाता है तो बाकी पूरे गांव में पानी की समस्या पैदा हो जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता झूठी व बेबुनियादी शिकायतें कर न केवल सरकारी कार्य में बाधा डाल रहा है बल्कि कानून का उल्लंघन भी कर रहा है।
वहीं ग्राम पंचायत ने भी विभाग के एसडीओ को लिखित में दिया गया है कि पूरे गांव में पानी की कोई समस्या नहीं है। हर घर को पानी मिल रहा है।
इस अवसर पर उनके साथ सरपंच आर सैनी, अशोक कुमार, कली राम, सतीश कुमार, श्याम लाल, सोहन लाल, राजेश, शीश पाल, निर्मल सिंह, जयपाल, प्रेम, प्रदीप कुमार व अश्वनी कुमार सहित विभाग के छत्रपाल, सुरेश कुमार, सुखबीर लालर व अनेक कर्मचारी तथा गांववासी उपस्थित थे।