घने कोहरे में स्कूल जाता बच्चा।
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना की तीसरी लहर में केसों की संख्या घटने के साथ ही मंगलवार से चंडीगढ़ में कक्षा 10 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल खोल दिए गए। कोविड की पहली वैक्सीन लगवा चुके बच्चे सुबह घने कोहरे में स्कूल पहुंचे। कक्षाएं ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से लगाई जाएंगी।
शिक्षा विभाग की तरफ से आदेश जारी किया गया था कि स्कूल आने वाले विद्यार्थी अभिभावकों से सहमति पत्र लेकर आएंगे। प्रथम चरण में कक्षा 10, 11 व 12 के विद्यार्थियों को ही बुलाया जा रहा है। 15 साल से ऊपर के विद्यार्थियों को कोरोना वैक्सीन की एक खुराक लगवाकर आना होगा, तभी ऑफलाइन कक्षाओं में शामिल होंगे। हालांकि, आदेश यह भी जारी किया गया है कि ऑफलाइन कक्षाओं में भाग लेना छात्रों को अनिवार्य नहीं है।
उपस्थिति स्वैच्छिक होगी और स्कूल अधिकारियों की ओर से छात्रों पर उपस्थिति का अनावश्यक जोर नहीं दिया जाएगा। ऑनलाइन कक्षाएं भी जारी रहेंगी। निर्देश यह भी हैं कि स्कूल के शिक्षकों व कर्मचारियों को टीका लगवाना जरूरी है। इसमें उन्हीं लोगों को छूट दी जाए, जो किसी अन्य बीमारी आदि से पीड़ित हैं। स्कूल में सभी शिक्षक व समूह सी तक के कर्मचारी आएंगे। हर व्यक्ति व छात्रों को मास्क लगाकर आना होगा। शारीरिक दूरी का ख्याल रखना होगा। कोविड गाइडलाइन का पालन करना होगा।