हरियाणा भाजपा आगामी एक फरवरी को अनुसूचित जाति सम्मेलन आयोजित करेगी। इसके अलावा भाजपा कोर कमेटी की करनाल में हुई बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी को मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है।
यह जानकारी भाजपा प्रवक्ता वीर कुमार यादव ने दी। जारी बयान में उनका कहना है कि अनुसूचित जाति सम्मेलन की जगह बाद में तय की जाएगी।
इसके अलावा बूथ स्तर से लोकसभा स्तर तक कार्यकर्ताओं को कई कार्यक्रमों के जरिए जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि नए साल में एक जनवरी से गणतंत्र दिवस 26 जनवरी तक हरियाणा के सब गांवों और शहरों से लौह संग्रहण किया जाएगा।
इसके लिए प्रमुख कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में जिला स्तरीय कमेटियां गठित की गई हैं। यादव ने बताया कि आगामी 26 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में सब जिला अध्यक्षों और प्रभारियों की बैठक होगी।
बैठक में 28 और 29 दिसंबर को विधानसभा अनुसार बूथ लेवल कमेटियों के सदस्यों को ट्रेनिंग देने के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार होगी। सब बूथ कमेटियां 25 और 26 जनवरी को मंडल सम्मेलन करेंगी।
उन्होंने बताया कि 2 फरवरी को फरीदाबाद और करनाल लोकसभा क्षेत्रों के वर्कर सम्मेलन होंगे जबकि 8 फरवरी को भिवानी, कुरुक्षेत्र, 9 फरवरी को अंबाला, रोहतक, 15 फरवरी को सोनीपत, हिसार और 16 फरवरी को गुड़गांव, सिरसा लोकसभा क्षेत्रों के वर्कर सम्मेलन होंगे।
यादव ने बताया कि पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की करनाल में राज्यस्तरीय रैली फरवरी या मार्च में की जाएगी। इसके अलावा 23 फरवरी को पानीपत में व्यापारी सम्मेलन होगा।
इसमें वैट सरलीकरण, एफडीआई जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। आगामी 15 जनवरी को झज्जर से गुड़गांव तक जमीन बचाओ मार्च का आयोजन होगा।
गृह कर खत्म करने के बजाए प्रापर्टी टैक्स लगाने के विरोध में भाजपा सब निगम मुख्यालयों पर धरने और प्रदर्शन करेगी।