अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' शुक्रवार को पंजाब के संगरूर में पहुंचा। यहां युवाओं से चुनाव को लेकर उनकी उम्मीदों पर चर्चा की गई। युवा भी मौजूदा सरकार से नाराज दिखे। उनका कहना था कि वोट उसी को देंगे जो हमें रोजगार देगा।
युवा दविंदर सिंह ने कहा कि युवाओं का सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी है। रोजगार न मिलने के कारण युवा बाहर जा रहे हैं। सरकार के वादों दावों पर उन्होंने कहा कि कोई कुछ नहीं करता। युवा सीएम भगवंत मान से भी नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि मान ने भी अपने वादे पूरे नहीं किए। वहीं संगरूर में विकास की बात पर युवाओं ने कहा कि समय के साथ बदलाव तो हुआ है। लेकिन यहां पर कोई बड़ी फैक्टरी या रोजगार का कोई साधन नहीं है। पढ़ने लिखने का क्या फायदा यदि पांच-सात हजार की ही नौकरी मिले तो।
युवाओं के अनुसार, संगरूर में सबसे बड़ी जरूरत इंडस्ट्री की है ताकि रोजगार मिल सके। जगह जगह खुले आइलेट्स सेंटर के सवाल पर युवाओं ने कहा कि ऐसा इसलिए है क्योंकि यहां पर रोजगार नहीं है। अगर युवाओं को अपने ही घर में काम मिले तो वे बाहर क्यों जाएंगे। यहां अवसर ही नहीं है तो युवा को घर तो छोड़ना ही पड़ेगा। विदेश नहीं जाएगा तो चंडीगढ़ या लुधियाना जाएगा।
चर्चा के दौरान युवाओं ने साफ किया कि वोट उसी को देंगे जो युवाओं को रोजगार देगा। हमारी बात करेगा।