हरसिमरत कौर बादल पिछले 15 साल से बठिंडा से चुनाव जीतकर सांसद बन रही हैं। इस बार भाजपा भी इस सीट से चुनाव लड़ रही है। भाजपा ने यहां से पूर्व आईएएस परमपाल कौर को मैदान में उतारा है।
अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' शुक्रवार को बठिंडा लोकसभा क्षेत्र में रहा। बठिंडा लोकसभा क्षेत्र के युवाओं से विकास, शिक्षा, रोजगार और स्थानीय मुद्दों पर बात के बाद शाम को नेताओं से बातचीत की गई।
विज्ञापन
बठिंडा लोकसभा सीट से अकाली दल ने हरसिमरत कौर बादल, भाजपा ने परमपाल कौर, कांग्रेस ने जीत मोहिंदर सिद्धू और आप ने गुरमीत सिंह खुड्डियां को मैदान में उतारा है। सभी प्रत्याशियों के बीच कांटे का मुकाबला माना जा रहा है।
अकाली दल के जिला प्रधान मनोहर सिंह बब्बू ने कहा कि 15 साल में सांसद हरसिमरत कौर बादल ने काफी विकास करवाया है। बठिंडा को इतना सुंदर बना दिया है कि आने वाले मेहमान कहते हैं-बठिंडा शहर नगीना, आए थे दो दिन वास्ते, रह गए महीना।
विज्ञापन
भाजपा नेता संदीप अग्रवाल ने कहा कि अकाली दल सिर्फ क्रेडिट ले रहा है। भाजपा सरकार के समय में पूरे देश में 23 एम्स बने हैं। उसमें बठिंडा का एम्स भी शामिल है। सड़कों का जाल मोदी सरकार ने बिछवाया, एयरपोर्ट भी मोदी सरकार लाई। बठिंडा का थर्मल इसलिए बंद हुआ क्योंकि उसका रखरखाव नहीं करवाया गया। एक नेता ने कहा कि आप सरकार के समय मे सबसे बड़ी दिक्कत नशे और कानून व्यवस्था की है।