चंडीगढ़। नियमितीकरण, समान काम के लिए समान वेतन और आउटसोर्स कर्मचारियों को विभागों के अधीन लाने की मांग को लेकर संयुक्त कर्मचारी मोर्चा बुधवार को चंडीगढ़ में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करेगा। धरने से पहले मंगलवार को फेडरेशन ऑफ यूटी इंप्लाइज एंड वर्कर्स चंडीगढ़ ने नगर निगम और प्रशासन के विभिन्न विभागों में रैलियां कर कर्मचारियों को एकजुट किया।
सेक्टर-34 के बागवानी बूथ, सेक्टर-12 वाटर वर्क्स, मनीमाजरा, बिजली विभाग और नगर निगम के विभिन्न रोड बूथों पर सभाएं हुईं। कर्मचारियों से बुधवार के धरने में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की गई।
फेडरेशन के प्रधान राजेंद्र कटोच, महासचिव हरकेश चंद, अध्यक्ष गोपाल दत्त जोशी समेत नेताओं ने 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके अनुबंध कर्मचारियों को नियमित करने, आउटसोर्स कर्मचारियों को विभागों के अधीन लाने और समान काम के लिए समान वेतन लागू करने की मांग की। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, पदोन्नति, सेवानिवृत्ति लाभ, बागवानी के निजीकरण का निर्णय वापस लेने और सीजीएचएस सुविधा लागू करने की मांग भी दोहराई। नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और व्यापक होगा।