चंडीगढ़। संतोष ट्रॉफी (नॉर्थ जोन) में वीरवार को मेजबान चंडीगढ़ की टीम ने दो मैच ड्रॉ खेलने के बाद आखिरकार जीत का स्वाद चख लिया। चंडीगढ़ ने टूर्नामेंट में अपने तीसरे मुकाबले में हिमाचल प्रदेश को 2-0 से हराया।
सेक्टर-7 स्थित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के फुटबॉल ग्राउंड में मेजबान चंडीगढ़ ने हिमाचल के साथ मैच में पहले मिनट से ही तेजी से खेलना शुरू किया। टीम को 10वें मिनट में पहली कामयाबी गौरव नेगी ने गोल कर दिलाई। हिमाचल की टीम ने वापसी का प्रयास किया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। पहले हाफ में चंडीगढ़ की टीम 1-0 से आगे रही।
दूसरे हॉफ में चंडीगढ़ ने बेहतरीन खेल जारी रखा। 47वें मिनट में शिवम पांडे ने एक और गोल कर चंडीगढ़ की टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। हिमाचल की टीम ने पिछड़ने के बाद कई बदलाव किए लेकिन आखिरी समय तक खेल में वापसी नहीं कर पाई और मुकाबला चंडीगढ़ ने जीत लिया। मैच का पहला गोल करने वाले गौरव नेगी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच में चंडीगढ़ पुलिस के डीआईजी ओमवीर बिश्नोई मुख्य अतिथि रहे। सीएफए के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट विकास शर्मा और जनरल सेक्रे टरी राकेश बख्शी ने उन्हें सम्मानित किया।
उत्तर प्रदेश और जेएंडके का मैच ड्रॉ
दिन का दूसरा मुकाबला उत्तर प्रदेश और जेएंडके के बीच खेला गया। मैच में यूपी की टीम अंतिम समय में गोल कर अपनी हार को टाल दिया और मैच 1-1 के स्कोर के साथ ड्रा हो गया। मैच के शुरुआत में दोनों ओर से गोल की कोशिशें हुईं, लेकिन पहला गोल जेएंडके की ओर से आकिफ जावेद ने दागा। पहले हॉफ में एक ही गोल हुआ। दूसरे हॉफ में दोनों ही टीमों ने कई बदलाव किए। यूपी की टीम गोल करने की पूरी कोशिश कर रही थी और 91वें मिनट में टीम को सफलता मिल गई। सुनील यादव ने गोल दागा और स्कोर को 1-1 पर पहुंचा दिया। मैच बराबरी पर छूटा और सुनील यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
27 नवंबर को होने वाले मुकाबले
पहला मैच : हिमाचल प्रदेश बनाम जेएंडके (सुबह 9.30 बजे से)
दूसरा मैच : सर्विसेज बनाम उत्तर प्रदेश (दोपहर 2.15 बजे से)