हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी का गठन करवाने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले एचएसजीएमसी के नामजद सदस्य संत बलजीत सिंह दादूवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि उनके इस्तीफा देने की कहीं से भी पुष्टि नहीं हो रही है।
उनके ससुर बाबा गुरमीत सिंह बरीवाला ने भी इस खबर को अफवाह करार दिया है। उनके अनुसार यह राज्य सरकार व पंजाब पुलिस की साजिश का ही एक हिस्सा हो सकता है।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा की नवगठित एचएसजीएमसी के सदस्य संत बलजीत सिंह दादूवाल को पिछले सप्ताह फरीदकोट पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इस मामले के साथ-साथ पुलिस ने उनके खिलाफ लंबित कुछ आपराधिक मामलों की जांच भी दोबारा शुरू कर रखी है।