संगरूर में घग्गर नदी में पड़ी दरारों को अभी तक भरा नहीं जा सका। इस वजह से स्थिति गंभीर बनती जा रही है। हालात ऐसे बन गए हैं कि मूनक और खनौरी के लगभग सभी क्षेत्रों में पानी भर गया है। बाढ़ का पानी लोगों के घरों तक पहुंचना शुरू हो गया है और देर रात तक पानी लोगों के घरों तक पहुंच जाएगा। हालांकि, दरारें भरने और राहत कार्यों में आर्मी और एनडीआरएफ के जवान जुटे हैं। पानी का स्तर बढ़ने कारण संगरूर-खनौरी-दिल्ली का संपर्क पूरी तरह टूट चुका है। पातड़ा के समीप सड़क पर कई फुट तक पानी नजर आ रहा है।
जानकारी मुताबिक मकोरड़ साहिब और फुल्लद गांव के नजदीक जो दरार पड़ी थी, वह अब बढ़कर 80 फुट से ज्यादा हो गई है। हालांकि चांदू गांव के पास पड़ी दरार को भर दिया गया है। घग्गर का पानी गांवों की तरफ बढ़ने कारण प्रशासन द्वारा लोगों के लिए आरजी रैण बसेरे तैयार किए गए हैं और लगातार मुनादी की जा रही है कि वह अपने पशु व अन्य सामान लेकर सुरक्षित जगहों की तरफ चले जाएं, क्योंकि किसी भी समय पानी घरों में दाखिल हो सकता है। घग्गर दरिया का जलस्तर खतरे के निशान से दो फुट ऊपर है। दूसरी तरफ, खनौरी क्षेत्र में घग्गर नदी ने तबाही मचा रखी है। खनौरी क्षेत्र के हजारों एकड़ फसल तबाह हो चुकी है। खनौरी के नजदीकी गांव होतीपुर, सादरा, तेईपुर, नाईवाला, बोपुर, नवांगांव, चांदू गांव पानी में घिरे हैं।
खनौरी-मूनक वासियों ने 30 साल बाद देखा फिर वही खौफनाक मंजर
घग्गर नदी में हर साल थोड़ी बहुत बाढ़ का आना आम बात है लेकिन इस बार जिस तरह घग्गर नदी का जलस्तर बढ़ रहा है और दरारों से तेजी से निकलकर पानी फैल रहा है, उसे देख लोगों को 30 साल पहले घग्गर नदी ने जो कहर बरपाया था उसकी याद ताजा करवा दी है। 30 साल पहले भी क्षेत्र के लोग घग्गर नदी के खौफनाक मंजर को देख चुके हैं। इसे क्षेत्र के लोग अभी तक नहीं भुला सके हैं।
गांव भूंदड़भैणी के रणबीर सिंह और सलेमगढ़ गांव के रणजीत सिंह ने बताया कि इस तरह की बाढ़ 13 जुलाई 1993 में भी आई थी। उस समय पटियाला में तबाही मचाने के बाद घग्गर ने खनौरी व मूनक क्षेत्र को लील लिया था। उस समय लोगों के घर और खेत खलियान बाढ़ के कारण जलमग्न हो गए थे। बाढ़ ने उस समय इतनी तबाही मचाई थी कि न केवल फसलों और लोगों को नुकसान पहुंचाया था बल्कि उनके पशुओं का भी बड़े स्तर पर नुकसान हुआ था। वैसे ही हालात अब लोगों को बनते दिखाई दे रहे हैं।
खनौरी के करीब दर्जन भर गावों के निचले हिस्सों में पानी भर गया है। खेतों में रहने वाले लोग घरों की छतों पर बैठे हैं। आसपास चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। तेजी से क्षेत्र में फैल रहे पानी के मद्देनजर खनौरी शहर में नगर पंचायत और पुलिस द्वारा अनाउंसमेंट करवा दी गई है कि पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। इस कारण किसी भी समय पानी शहर में दाखिल हो सकता है।