मैच के दौरान शॉट लगाता एमपी का खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ में ऊषा दिव्यांग क्रिकेट लीग के दूसरे दिन रोचक मुकाबले हुए। शुक्रवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-26 के क्रिकेट मैदान पर व्हीलचेयर श्रेणी के मुकाबले खेले गए। पहले मैच में सतलुज इलेवन ने व्हीलर्स इलेवन की टीम को 8 विकेट से हराया।
मैच में पहले खेलते हुए व्हीलर्स इलेवन की पूरी टीम 20 ओवर में 115 रन पर सिमट गई। कपलेश ने 37, मनोहर ने 18 और अजय ने 14 रन बनाए। गेंदबाजी में विकास ने 4 ओवर में 19 रन देकर पांच, कृष्ण ने 4 ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सतलुज इलेवन की टीम ने 12 ओवर में 2 विकेट पर 116 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम से राजीव ने सबसे अधिक 37 रन बनाए। अजय ने 33 रन बनाए। गेंदबाजी में व्हीलर्स इलेवन टीम से संजय ने 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
दिन के दूसरे मुकाबले मे रवि इलेवन ने ब्यास इलेवन को आठ विकेट से हरा दिया। पहले खेलते हुए ब्यास इलेवन की टीम ने 20 ओवर में 162 रन बनाए। यादव ने 51, कृष्ण ने 30 और कमल ने 27 रन बनाए। गेंदबाजी में रवि इलेवन से वीरपाल ने 4 ओवर में 17 देकर तीन, रजत ने 4 ओवर में 24 रन देकर दो और लांबा ने 4 ओवर में 30 रन देकर एक विकेट चटकाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रवि इलेवन की टीम ने 18.5 ओवर में 2 विकेट पर 166 रन बनाकर मैच जीत लिया। संदीप ने सबसे अधिक 95 रन बनाए। बलविंदर ने 32 रन की पारी खेली। दिन के आखिरी मुकाबले में हरियाणा ने एमपी की टीम को आठ विकेट से हराया।