मनीमाजरा। मौलीजागरां के विकास नगर इलाके में रंजिशन कुछ युवकों ने सैलून संचालक पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को शिकायत दे दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घायल विकास नगर निवासी गुफरान इलाके में ही सैलून चलाता है। हमले में उसके दोनों हाथ बुरी तरह कट गए और शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव आए हैं। घायल के भाई मुहम्मद इरफान के अनुसार अक्तूबर 2025 को दिवाली के दिन कुछ युवक उनके घर के बाहर गाली-गलौच कर रहे थे। गुफरान ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने उससे मारपीट की थी। इसकी शिकायत मौलीजागरां थाने में दी गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इरफान के मुताबिक उसी रंजिश में वीरवार दोपहर मनी, गुरखा, विक्की, दीपक, साहिल, गोलू और गौरव अपने साथियों के साथ तलवार व चापर लेकर गुफरान की दुकान पर पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।