वित्त मंत्री चीमा बोले- जांच रिपोर्ट मिलते ही होगी तत्काल कार्रवाई
यूनियन की मांगों के समाधान पर सरकार की सैद्धांतिक सहमति
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने 180 ईटीटी टीचर्स यूनियन (जय सिंह वाला केस) की मांगों के समाधान पर सोमवार को सैद्धांतिक सहमति जताई। वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि जूनियर शिक्षकों के साथ वेतन में व्याप्त विसंगति दूर कर वेतन संबंधी चिंताओं का समाधान किया जाएगा। जायज मांगों के निपटारे के लिए चल रही जांच में भी तेजी लाई जाएगी।
चीमा ने यूनियन के साथ बैठक के दौरान कहा कि जांच रिपोर्ट मिलते ही उसके निष्कर्षों के आधार पर बिना देरी तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शिक्षा विभाग को इस संबंध में जरूरी निर्देश दिए हैं, ताकि समाधान में कोई प्रशासनिक बाधा न आए।
बैठक में यूनियन प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान यूनियन नेता कमल ठाकुर, सोहन सिंह और गुरमुख सिंह आदि मौजूद रहे।