बेअदबी समेत चार मामलों में अब पंजाब सरकार की पैरवी वरिष्ठ वकील राजविंदर सिंह बैंस करेंगे। पंजाब सरकार ने उन्हें स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त किया है। बता दें कि इन मामलों में पंजाब के पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी, परमराज सिंह उमरानंगल भी आरोपी हैं।
पंजाब सरकार ने बेअदबी मामले में बाजाखाना और कोटकपूरा में दर्ज चार एफआईआर संबंधी जो केस पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में विचाराधीन हैं, की बेहतर पैरवी के लिए वरिष्ठ एडवोकेट राजविंदर सिंह बैंस को स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त कर दिया है। शुक्रवार को पंजाब के गृह सचिव अनुराग वर्मा ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया।
उल्लेखनीय है कि उपरोक्त चारों केसों में सुमेध सिंह सैनी समेत परमराज उमरानंगल, चरणजीत शर्मा और गुरदीप सिंह भी आरोपी हैं और उनकी ओर से वरिष्ठ एडवोकेट एपीएस देयोल पेश होते रहे हैं। अब जबकि एपीएस देयोल को पंजाब का एडवोकेट जनरल नियुक्त किया जा चुका है तो तय है कि वह इन केसों में पेश नहीं हो पाएंगे।