चंडीगढ़। राउंडग्लास टेनिस अकादमी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ क्लब में आयोजित समारोह में अपनी अकादमी के लिए युवा एथलीटों के अपने पहले बैच को शामिल किया।
अप्रैल में आयोजित हुए चयन ट्रायल में पूरे भारत से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। ट्रायल के बाद 15 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन हुआ था। चयनित खिलाड़ियों को 100 प्रतिशत कोचिंग छात्रवृत्ति मिलेगी। इसमें अत्याधुनिक प्रशिक्षण, पोषण, स्पोर्ट्स साइंस, फिजिकल ट्रेनिंग दी जाएगी।
अकादमी से बेहतर खिलाड़ी उभरेंगे
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कर्मन कौर थांडी ने कहा कि अकादमी खिलाड़ी युवाओं को बेहतर मंच देगी। अकादमी के जरिए देश के भावी टेनिस खिलाड़ियों को तराशा जाएगा। कम उम्र से ही खिलाड़ी अगर बेहतर प्रशिक्षण लेंगे तभी वह आने वाले समय में बेहतर खिलाड़ी बन सकेंगे।
युवाओं को टेनिस से जोड़ना उद्देश्य
राउंडग्लास टेनिस अकादमी के तकनीकी निदेशक आदित्य सचदेवा ने बताया कि हमारा मुख्य उद्देश्य युवा वर्ग को टेनिस से जोड़ना है। उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देकर उनका विकास करना है। उन्हें बेहतर कोचिंग और सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे।