घटना से पहले तीन गाड़ियां घूमती रहीं सीआईए के नजदीक
सूत्र ने बताया कि आरोपी दीपक टीनू को पुलिस हिरासत से फरार होने से पहले सीआईए स्टाफ के नजदीक तीन गाड़ियां घूम रही थीं। बताते हैं कि मानसा पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उन गाड़ियों के बारे में पता लगा चुकी है लेकिन जांच की जा रही है कि उन गाड़ियों पर नंबर प्लेट असली थी या नकली।
आईजी ने बर्खास्त एसआई से की कई घंटे पूछताछ, आज कोर्ट में पेशी
आईजी पटियाला एमएस छीना के नेतृत्व में एसआईटी ने मानसा आकर बर्खास्त सीआईए इंचार्ज प्रितपाल सिंह से देर तक पूछताछ की। उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। आईजी छीना गुरुवार को मानसा पहुंचे और प्रितपाल सिंह से कई घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान एसआईटी के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
अब भी गैंगस्टर टीनू के साथ है कांस्टेबल प्रेमिका
पंजाब पुलिस को दीपक टीनू की कांस्टेबल माशूका की तलाश है। अधिकारियों के अनुसार वह अब भी टीनू के साथ है। कांस्टेबल के रिश्तेदारों व नजदीकी लोगों के 30 से अधिक फोन सर्विलांस पर लगे हैं। पुलिस की जांच टीम के सदस्य के मुताबिक, दीपक लंबे समय से अपने रिश्तेदारों व निकटवर्ती लोगों के संपर्क में नहीं है। इस कारण उसको तलाशना काफी मुश्किल है। इस मामले में कमजोर कड़ी उसकी प्रेमिका है, जिसके जरिये पुलिस टीनू तक पहुंच सकती है। पुलिस पंजाब, राजस्थान, हरियाणा में तलाशी में जुटी है।
महिला कांस्टेबल का नाम भी सामने नहीं लाया जा रहा है। ताकि किसी तरह का प्रभाव ऑपरेशन पर न पड़े। अधिकारियों के अनुसार टीनू को फरार करवाने में कांस्टेबल प्रेमिका की अहम भूमिका रही है और वह अभी भी उसके साथ है। जांच टीम के मुताबिक, 30 से अधिक फोन सर्विलांस पर लगाए जा चुके हैं और कॉल्स व टावर लोकेशन की मदद ली जा रही है। कांस्टेबल के मोबाइल कॉल्स का रिकॉर्ड निकाला गया है और 27 जुलाई के बाद की कॉल्स को खंगाला जा रहा है।