अधिकारी मेयर के वार्ड (सेक्टर-37, 38) का एजेंडा बनाने में खूब मेहरबानी दिखा रहे हैं। सोमवार को हुई रोड कमेटी की बैठक में 20 एजेंडे पास किए गए। इनमें से 9 एजेंडे सिर्फ मेयर के वार्ड के ही शामिल है। सोमवार को कुल एक करोड़ 80 लाख रुपये के प्रस्ताव पास किए गए। जबकि अन्य पार्षदों में इस बात का रोष है कि उनके एजेंडे पास होने के लिए कमेटी में नहीं आ रहे हैं। कमेटी के सदस्य एवं कांग्रेस पार्षद सुभाष चावला के वार्ड के एजेंडे न आने पर उन्होंने बैठक में भाग नहीं लिया। चावला ने कमेटी के चेयरमैन को 8 कार्यों की जानकारी भी मैसेज के जरिये भेजी है, जिनके एजेंडे तैयार नहीं हुए हैं। कमेटी की बैठक में भाजपा पार्षद सतिंदर सिंह ने अपने वार्ड में 13 लाख रुपये के प्रस्ताव का जिक्र किया जो अधिकारी पास कराने के लिए एजेंडे में नहीं लाए। कमेटी की बैठक में राजबाला मलिक, सीनियर डिप्टी मेयर देवेश मोदगिल ने भी भाग लिया।
बग्गा बोले, आठ प्रस्ताव नहीं आए
कमेटी के चेयरमैन सुरेंद्र बग्गा का कहना है कि कांग्रेस पार्षद सुभाष चावला ने उन्हें 8 प्रस्ताव बताए, जो कमेटी की बैठक के एजेंडे में नहीं आए। उनमें से एक सेक्टर-25 की जनता कॉलोनी में पीसीसी टाइल्स लगाने का काम है, वह तो पहले ही पास हो चुका है। उसका वर्क भी अलॉट हो चुका है, उनका कहना है कि अगली बैठक 10 दिन में बुला ली जाएगी। जो प्रस्ताव पार्षद के वार्ड के रुके हैं, उन्हें पास कर दिया जाएगा। मेयर ने किसी के वार्ड का काम नहीं रोका है।
कंकरीट की सड़कें बनेंगी
कमेटी की बैठक में कंकरीट की सड़ बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। यहां पर एक कंपनी ने प्रेजेंटेशन भी दिखाई। जिसके बाद निर्णय लिया गया कि कंकरीट की सड़क बनाने की संभावनाओं को तलाशा जाए। कमेटी के सदस्यों ने कहा कि इसे शहर में कुछ फेज में बनाया जा सकता है। कमेटी के सदस्यों को बताया गया है कि कंकरीट की सड़क की लाइफ छह से सात गुना अधिक है। जबकि कीमत 40 प्रतिशत ज्यादा है। इस समय मुंबई निगम की ओर से कंकरीट की सड़कें ही बनाई जा रही हैं। बैठक में सेक्टर-16 ए और डी, सेक्टर-56, 61, 37, 38 और 39 ग्रीन बेल्ट की टो वॉल का निर्माण करने को भी मंजूरी दी गई है
महिला भवन में बनेगा जिम
बैठक में सेक्टर-38 के महिला भवन में विशेष तौर पर अलग से जिम का निर्माण करने का निर्णय लिया गया है। जिसके लिए 12.57 लाख की राशि पास की गई। यह जिम सिर्फ महिलाओं के लिए ही होगा। सेक्टर-35 बी रोड की कारपेंटिग का काम भी पास किया गया है।