दोस्त की शादी से वापस लौट रहे 4 युवकों की डबवाली के नजदीक हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा, बठिंडा रोड़ पर हुआ। हादसा युवकों की स्कोडा और डंपर की भिड़ंत से हुआ। मरने वालों में तीन दोस्त शामिल हैं, जोकि चंडीगढ़ से एक निजी कॉलेज में होटल मैनेजमेंट कर रहे थे।
हादसे के फौरन बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। संगत थाना पुलिस ने मामला दर्ज करके चालक की तालाश शुरू कर दी है।
रात करीब 8 बजे क्रेशर से भरा एक डंपर बठिंडा की ओर जा रहा था। डंपर के पीछे रिफलेक्टर न लगे होने की वजह से डबवाली साईड से आई एक स्कोडा गाड़ी डंपर के नीचे घुस गई। स्कोडा की टक्कर से डंपर के टायर अलग हो गये। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गये। क्रेशर लदा डंपर कार पर पलट गया।
राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। डबवाली जन सहारा सेवा संस्था तथा भाई घनईया जी सेवा संस्था की एंबूलैंस ने चारों को डबवाली के सिविल अस्पताल में पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने चारों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान गांव पन्नीवाला मोरिकां निवासी जगदीप सिंह, जगसीर सिंह, गांव देसूजोधा निवासी हरप्रीत सिंह तथा संगरूर निवासी हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है।