पंजाब में तबादला आदेशों की नाफरमानी करने वाले राजस्व अधिकारियों के खिलाफ सरकार सख्त हो गई है। सरकार ने आदेश जारी कर तुरंत नई तैनाती पर ज्वाइन करने को कहा है। इसके लिए संबंधित डीसी को जिम्मेदारी देकर कार्रवाई करने की हिदायत दी है। सरकार ने 16 जून को 206 तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के तबादले को लेकर आदेश जारी किया था।
तबादले को लेकर 10 दिन से ज्यादा का समय हो गया है, लेकिन राजस्व विभाग के अधिकारी वर्तमान तैनाती को छोड़ने को तैयार नहीं है। इस पूरे मामले की जानकारी सरकार को मिल गई है। सरकार ने तबादला हुए सभी 206 तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को तुरंत नई तैनाती पर जाने के आदेश दिए हैं। सरकार के आदेश में जिलों के डीसी को हिदायत दी गई है कि वह तबादला हुए अधिकारियों को उनकी नई तैनाती पर ज्वाइन कराएं। यदि इस मामले में कोई अधिकारी नाफरमानी करता है तो बनती कार्रवाई की जाए। सरकार के इस आदेश के राजस्व अधिकारियों में अफरातफरी मच गई है। डीसी की तरफ से ट्रांसफर हुए अधिकारियों को तत्काल वर्तमान तैनाती छोड़कर नई ज्वाइन करने को कहा गया है।
बाहर जाने की रजिस्टर में दें जानकारी
सरकार की ओर से जारी नए आदेश में यह भी हिदायत दी गई है कि जब अधिकारी या कर्मचारी कार्यालय से बाहर जाता है तो इसकी जानकारी कार्यालय रजिस्टर में अंकित की जाए, ताकि इसकी जांच कराई जा सके। साथ ही कहा गया है कि वह निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचे, देरी से पहुंचने वाले कर्मचारी अधिकारियों के खिलाफ सरकार सख्त रुख अपनाएगी।