हरियाणा के 125 मॉडल संस्कृति और 36 आरोही मॉडल स्कूलों में अब टीजीटी, पीजीटी शिक्षकों की कमी नहीं रहेगी। स्कूल शिक्षा विभाग खाली चल रहे 1099 पदों को सामान्य स्कूलों के शिक्षकों से भरने जा रहा है। अंग्रेजी माध्यम के संस्कृति और आरोही स्कूलों में नियुक्ति पाने के लिए 631 पीजीटी सेंटर फॉर टीचर एक्रीडिटेशन (सेंटा) टेस्ट पास कर चुके हैं।
टीजीटी के पद भरने के लिए जल्दी सेंटा टेस्ट हर माह शुरू किया जाएगा। शिक्षकों से 15 जून तक आवेदन लिए जा चुके हैं। कुल खाली पदों में से 756 पद मॉडल संस्कृति और 343 पद आरोही स्कूलों में खाली हैं। टेस्ट पास करने वाले टीजीटी-पीजीटी की इन स्कूलों में नियुक्ति स्थायी तौर पर होगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने पद तेजी से भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पीजीटी शिक्षकों का सेंटा टेस्ट हर महीने की आठ तारीख को पिछले छह माह से लिया जा रहा है।
सेकेंडरी शिक्षा विभाग के निदेशक जे. गणेशन ने पद भरने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए 28 जून 2022 को सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र भी लिखा है। उन्होंने कहा है कि प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी होनी चाहिए। मॉडल संस्कृति और आरोही स्कूलों में बड़ी संख्या में बच्चों ने दाखिला लिए हैं। ग्रीष्मावकाश खत्म होने जा रहे हैं। इसलिए जल्दी पीजीटी-टीजीटी के पद भरने का काम करें। आरोही मॉडल स्कूल स्टाफ एसोसिएशन लंबे समय से मॉडल संस्कृति स्कूलों की तर्ज पर आरोही मॉडल स्कूलों के खाली पदों को भरने की मांग कर रही थी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और शिक्षा मंत्री कंवर पाल को अनेक बार मांग पत्र भी सौंपे गए। अब सरकार ने एसोसिएशन की मांग पर विचार कर पदों को भरने का फैसला लिया है।
310 संविदा कर्मियों के लिए खोलें तबादला पोर्टल
आरोही मॉडल स्कूल स्टाफ एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार ने खाली पदों को भरने के लिए प्रदेश सरकार का आभार जताया है। उन्होंने विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. महावीर सिंह से 310 संविदा कर्मचारियों के लिए स्थानांतरण नीति पोर्टल खोलने की मांग की है। साथ ही इन्हें सर्विस बायलॉज 2011 के अनुसार नियमित करने और आरोही स्कूलों का सरकारी स्कूलों में विलय करने की मांग की है।