यूटी पुलिस विभाग में 520 कांस्टेबल के पदों के कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) का नतीजा नववर्ष से पूर्व 31 दिसंबर की शाम को घोषित किया गया। कुल 513 आवेदक प्रोविजनली चयनित किए गए और 122 आवेदकों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है। बीते समय चंडीगढ़ समेत मोहाली, फरीदाबाद, गुरुग्राम, दिल्ली और बठिंडा में लिखित परीक्षा के लिए कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट लिया गया था।
सीबीटी टेस्ट में 94 अंक तक हासिल कर मेरिट में आने वाले आवेदकों का चयन किया गया है। नवंबर 2015 को 520 कांस्टेबल के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए थे। कुल 2.83 लाख युवाओं ने ऑनलाइन आवेदन किए थे। वर्ष 2017 में अप्रैल से जुलाई तक आयोजित की गई शारीरिक परीक्षा के बाद 36,226 उम्मीदवार शॉर्ट लिस्ट किए गए। फिर सीबीटी में पहुंचे 28227 उम्मीदवारों में से 512 उम्मीदवार मेरिट पर चयनित किए गए।
यूटी पुलिस विभाग में बतौर कांस्टेबल भर्ती होने जा रहे 506 चयनित उम्मीदवार बारहवीं कक्षा तक उत्तीर्ण हैं। 116 उम्मीदवार ग्रेजुएट हैं, जबकि दस उम्मीदवार पोस्ट ग्रेजुएट और तीन तकनीकी शिक्षा प्राप्त उम्मीदवार हैं। कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट में प्रोविजनली चयनित उम्मीदवारों के अंक और अन्य जानकारी यूटी पुलिस विभाग की ऑफिशियल वेबसाइट डबल्यूडबल्यूडबल्यू.चंडीगढ़पुलिस.जीओवी.इन पर उपलब्ध है।
पुरुष वर्ग:
1. सामान्य वर्ग के 106 पदों के लिए 11682 आवेदकों के बीच मुकाबला था।
2. ओबीसी वर्ग के 52 पदों पर 6573 आवेदकों के बीच मुकाबला रहा।
3. एससी वर्ग के 35 पदों पर 3174 आवेदकों के बीच मुकाबला रहा।
महिला वर्ग:
1. सामान्य वर्ग के 143 पदों के लिए 2718 उम्मीदवारों में मुकाबला रहा।
2. ओबीसी वर्ग के 70 पदों पर 1912 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला रहा।
3. एससी वर्ग के 47 पदों पर 2000 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला रहा।
एक्स- सर्विसमैन:
1. सामान्य वर्ग के 37 पदों पर 134 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला रहा।
2. ओबीसी वर्ग के 18 पदों पर 25 के बीच मुकाबला रहा।
3. एससी वर्ग के 12 पदों के सामने मुकाबले में केवल नौ ही उम्मीदवार रहे।