पटियाला केंद्रीय जेल में बंद बिहार के मुजफ्फरपुर के बालिका गृह यौन शोषण मामले के आरोपी बृजेश ठाकुर की ओर से जेल अधिकारियों से शिकायत के बाद जेल वार्डर कुलदीप सिंह को निलंबित कर दिया गया है। दरअसल जेल में सजा काट रहे एक कैदी को नंबरदार लगाया गया है। ये नंबरदार बृजेश की बैरक पर भी नजर रखता है।
नंबरदार को बृजेश से मिलने और बातचीत की इजाजत है। बताया जाता है नंबरदार बनाए गए कैदी से कुछ दिन पहले जेल वार्डर कुलदीप सिंह की बहस हो गई थी। नंबरदार ने यह बात बृजेश ठाकुर को बताई। बृजेश ने पहले तो कुलदीप सिंह को हद में रहने की बात कही लेकिन बाद में जेल अधिकारियों से उसकी शिकायत कर दी।
मामला बढ़ता देख जेल अधिकारियों ने वार्डर को ही सस्पेंड कर दिया लेकिन बैरक से नंबरदार को नहीं हटाया। हालांकि जेल के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर माना कि जेल वार्डर का निलंबन हो गया है। साथ ही कहा कि इससे बृजेश का कोई लेना देना नहीं है। इतना जरूर है कि नंबरदार कैदी और वार्डर के बीच झगड़े की जानकारी जरूर उसने दी थी।