चंडीगढ़। सेक्टर-37 में कई जगह सड़कें टूटने और जगह-जगह गड्ढे होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात के समय समस्या और गंभीर हो जाती है। कई स्थानों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण सड़क पर बने गड्ढे नजर नहीं आते, जिससे अचानक संतुलन बिगड़ने और दुर्घटना होने की आशंका रहती है। लोगों ने संबंधित विभाग से टूटी सड़कों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि महज अस्थायी पैचवर्क के बजाय सड़क की हालत सुधारने के लिए स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।
“सड़क काफी समय से टूटी हुई है। रोजाना यहां से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। प्रशासन को जल्द इसकी मरम्मत करवानी चाहिए।” — निर्मल सिंह, स्थानीय निवासी
“दोपहिया वाहन चलाते समय सबसे ज्यादा डर लगता है। अचानक गड्ढा सामने आने पर संतुलन बिगड़ सकता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी होती है।” — अनमोल सूद, स्थानीय निवासी
“बाइक या किसी अन्य दोपहिया वाहन के लिए यह सड़क खतरा बन गई है। वाहन का बैलेंस बिगड़ने से हादसे का खतरा बना रहता है। सिर्फ अस्थायी पैचवर्क की बजाय सड़क को ठीक तरीके से बनाया जाना चाहिए।” — सुरेश कुमार, राहगीर