रिजर्वेशन केंद्र में पड़ा मलबा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित रिजर्वेशन केंद्र की छत गिर गई। अंदर बैठे रेलवे अधिकारियों ने भाग कर जान बचाई। दरअसल, कैंट रेलवे स्टेशन को करोड़ों रुपये की लागत से नया रूप दिया जा रहा है। कैंट रेलवे स्टेशन की छत के ऊपर लगे गार्डरों को क्रेन की सहायता से उतारा जा रहा था।
यह गार्डर दोनों तरफ बिल्डिंग की दीवारों पर खड़े थे। जैसे ही क्रेन ने गार्डर उठाया तो उसकी दीवार का सारा मालवा रिजर्वेशन केंद्र की छत पर गिरा। बताया जा रहा है कि छत टीन की थी। उसके नीचे डाऊन सीलिंग थी। टीन की छत मलबे का भार सह नहीं सकी। मलबा गिरने की आवाज सुनते ही वहां काम कर रहे क्लर्क बाहर की ओर भागे। उस समय वहां चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर यादविंदर सिंह, सुपरवाइजर गुरमिंदर सिंह और ईआरसी आशीष अग्रवाल मौजूद भी थे। गनीमत रही कि सभी लोग सुरक्षित हैं।
रिजर्वेशन केंद्र के फर्नीचर और कंप्यूटर को नुकसान पहुंचा है। घटना के तुरंत बाद स्टेशन अधीक्षक, सीएमआई राकेश धीमान, नितेश कुमार इंजीनियरिंग विभाग के सीनियर सेक्शन इंजीनियर सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारी घटना के कारण और नुकसान के बारे में ज्वाइंट नोट बना रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ दोपहर के बाद टिकटों की बुकिंग का काम बंद हो गया। उधर, बुकिंग ऑफिस के अंदर एक काउंटर चालू किया जा रहा है ताकि टिकट वितरण का काम प्रभावित न हो सके।