पूरे फरीदकोट में गुरुवार शाम धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की वजह से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। हालांकि तेज रफ्तार आंधी के कारण कुछ जगहों पर बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर गिर गए जिसके चलते बिजली सप्लाई ठप हो गई।
गढ़शंकर: गर्मी से एक व्यक्ति की मौत
गढ़शंकर के गांव फतेहपुर खुर्द में नहर किनारे कच्चे रास्ते पर स्थित झाड़ियों में से करीब 65 वर्षीय एक व्यक्ति का शव मिला। मृतक के बारे में एक व्यक्ति ने गांव के सरपंच भाग सिंह को सूचना दी। एसएचओ इंस्पेक्टर इकबाल सिंह व एसआई चतविंदर सिंह की पुलिस पार्टी घटना स्थल पर पहुंची।
मृतक की पहचान महिंदर सिंह निवासी गांव कजला, सदर थाना बंगा जिला शहीद भगत सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शव के पास उसका साइकिल खड़ा था। लगता है कि व्यक्ति वहां आराम करने के लिए रुका होगा और गर्मी के कारण उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी तरसेम कौर के बयान के आधार पर पुलिस ने 174 की कार्रवाई की है।