पंजाब में कोरोना का कहर बढ़ने लगा है। गुरुवार को राज्य के विभिन्न भागों से 20 पॉजिटिव केस सामने आए हैं, जबकि दो और लोगों की मौत हो गई है। इनमें एक आरपीएफ का जवान है। राज्य में अब कोरोना पीड़ितों की कुल संख्या 2159 हो गई, जबकि अमृतसर और लुधियाना में एक-एक कोरोना पीड़ित की मौत के साथ राज्य में मरने वालों की संख्या 43 तक पहुंच गई है। इस बीच 28 और मरीजों के ठीक होने के साथ महामारी को मात देने वालों की कुल संख्या 1946 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अमृतसर में 8, जालंधर में 3, संगरूर में 3, रोपड़, होशियारपुर व मोहाली में 1-1, तरनतारन, लुधियाना व पठानकोट में भी 1-1 केस सामने आए हैं। मोहाली का एक केस विदेश से लौटे व्यक्ति का है, जबकि रोपड़ और जालंधर में नए केस हैं। संगरूर और होशियारपुर में पॉजिटिव पाए गए लोग पहले से पीड़ित व्यक्ति के करीबी हैं।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी की गुहार, 'मोदी साहब! मेरा कबूतर वापस कर दीजिए, मैं बहुत चाहता हूं', पढ़ें- मामला
पिछले 24 घंटे में जो 28 लोग स्वस्थ हुए हैं, उनमें अमृतसर के 8, जालंधर के 13, गुरदासपुर के 3 और संगरूर के 3 मरीज शामिल हैं। वहीं, विभाग का कहना है कि बरनाला और लुधियाना में दर्ज किए गए एक-एक केस महाराष्ट्र से संबंधित हैं।
72,468 लोगों के सैंपल लिए
विभाग ने अब तक राज्य में 72468 संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए हैं, जिनमें से 67325 सैंपल निगेटिव पाए गए हैं। 2985 सैंपलों की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में इस समय 172 लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक ऑक्सीजन सपोर्ट पर और एक वेंटिलेटर पर है।
अमृतसर में कोरोना से 65 वर्षीय महिला की जान गई
अमृतसर में गुरुवार को एक 65 वर्षीय संक्रमित महिला की मौत हो गई। जिले में कोरोना से यह सातवीं मौत है। महिला बाबा बकाला के गांव बुलारा भट्टीके की रहने वाली थी। संदिग्ध लक्षणों के चलते उसे बुधवार को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। लैब रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे श्री गुरुनानक देव जी अस्पताल में भर्ती किया गया।
महिला कोरोनरी आर्टरी डिजीज से भी ग्रस्त थी। इस बीमारी में हार्ट की नसों में ब्लॉकेज हो जाता है। इसके अलावा उसे हाइपरटेंशन की शिकायत भी थी। महिला को वेंटिलेटर पर रखा गया था लेकिन गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया। खास बात यह है कि इस महिला का कोई यात्रा इतिहास नहीं था। स्वास्थ्य विभाग ने महिला के परिजनों के सैंपल भी लिए हैं।