मनीमाजरा। एनएसी स्थित रिलायंस ज्वेलर्स शॉप में अलसुबह सुरक्षा कर्मी की गर्दन पर चाकू रखकर लूट की कोशिश करने वाले दोनों आरोपी मनीमाजरा थाना पुलिस ने महज 18 घंटे में अंबाला से गिरफ्तार कर लिए। पकड़े आरोपियों की पहचान अंबाला कैंट के अग्रवाल कांप्लेक्स निवासी हिमांशु उर्फ साहिल (32) और यमुनानगर के जगाधरी निवासी सन्नी (31) के रूप में हुई है। फिलहाल दोनों से पुलिस की पूछताछ जारी है।
फुटेज ने खोला राज, हथियार बरामद
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से सुराग मिला और सोमवार को ही टीम को पता चल गया कि आरोपी हरियाणा के अंबाला में छिपे हैं। पुलिस ने छापा मारकर पहले एक, फिर दूसरे आरोपी को दबोच लिया। वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा, कुल्हाड़ी, ताला, चाकू, दो बैग, कपड़े, दस्ताने, मास्क, टोपी, जैकेट, रेनकोट और वारदात के समय इस्तेमाल कार भी बरामद की। ये सभी सामान आरोपियों ने ऑनलाइन मंगवाए थे।
हाउसकीपिंग से शोरूम तक, ऐसे रची लूट की साजिश
दरअसल आरोपी हिमांशु उर्फ साहिल ‘साहिल एंटरप्राइजेज’ नाम से फर्म चलाता था और कई कंपनियों को हाउसकीपिंग सेवाएं देता था। इस काम में सन्नी भी उसकी मदद करता था। कुछ महीने पहले रिलायंस ज्वेर्ल्स चंडीगढ़ ने भी उसकी सेवाएं ली थीं। इसी दौरान दोनों शोरूम में आते-जाते रहे और अंदर-बाहर की पूरी जानकारी हासिल कर ली। दोनों ने कबूल किया कि कर्ज, देनदारी और पारिवारिक खर्च के चलते उन्होंने लूट की योजना बनाई। इसके लिए उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक आयरन कटर, फेस मास्क, दस्ताने, रेनकोट, चाकू खरीदे। लूट का आइडिया विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म से मिला। आरोपी हिमांशु बीए पास है, जबकि सन्नी आईटीआई डिप्लोमा कर चुका है।
यह है मामला
मनीमाजरा निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि सोमवार अल सुबह करीब 3 बजे दो लोग आए। चेहरा ढके होने के कारण वह उन्हें पहचान नहीं सका। आते ही दोनों ने उसकी गर्दन पर चाकू रख दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद एक आरोपी ने ज्वैलरी शॉप के दो ताले तोड़ दिए। इसी दौरान सुरक्षा कर्मी किसी तरह चकमा देकर वहां से भाग निकला और आसपास तैनात अन्य गार्ड्स को आवाज दी। शोर सुनकर अन्य सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे तो दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी जांच के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।