संदिग्ध कार ने पुलिस और सुरक्षा एजेसियों की नींद को उड़ा कर रख दिया है। कश्मीर के सांबा सेक्टर में एक संदिग्ध टवेरा गाड़ी पकड़ी गई, जिसके बाद पठानकोट में चौकसी बढ़ा दी गई। जिला पठानकोट में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। अलर्ट के तहत जिला पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर मंगलवार को तड़के सर्च आपरेशन चलाया। हालांकि पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लगा है। सर्च आपरेशन पंजाब पुलिस के स्वैट कमांडो भी मौजूद थे।
थाना डिवीजन नंबर 1 और 2 की पुलिस ने प्रभारियों की अगुवाई अपने-अपने थानों की हद में सर्च आपरेशन चलाया। थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस ने डल्हौजी रोड, मिशन रोड पर चेकिंग की। वहीं थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने ढाकी, ढांगू समेत एयरफोर्स स्टेशन के बाहर भी सर्च आपरेशन चलाया। पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में कई गुज्जरों के डेरों पर भी सर्च किया है। लगातार तीन घंटे चले इस सर्च आपरेशन में पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लगा है।
थाना डिवीजन नं 2 के प्रभारी भारत भूषण ने बताया जेएंडके के सांबा में एक संदिध टवेरा गाड़ी पकड़ी गई है। इसके बाद जिला पठानकोट में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। उन्होंने अपने थाने के अधीन आते क्षेत्रों में सर्च किया गया है। फिलहाल कुछ भी संदिग्ध गतिविधि नहीं दिखी है। उन्होंने बताया कि एयरफोर्स स्टेशन के बाहर भी गहनता से सर्च किया गया है।
उल्लेखनीय है कि 2015 में हुए दीनानगर आतंकी हमले और वर्ष 2016 में हुए एयरफोर्स बेस पर आतंकी हमले के बाद से ही जिला पठानकोट संवेदनशील क्षेत्रों में गिना जाने लगा है। इसी के तहत भारत-पाक सीमा के पास स्थित पंजाब व जेएंडके में जरा सी भी संदिग्ध गतिविधि के बाद पठानकोट पुलिस को अलर्ट कर दिया जाता है। ताकि किसी भी प्रकार की चूक न हो सके।