चंडीगढ़। दशहरे पर मंगलवार को शहर में 42 जगह रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। आयोजनों में उमड़ने वाली भीड़ और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ की पांच कंपनियां तैनात रहेंगी। क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी), बम निरोधक दस्ता और रिजर्व पुलिस बल भी अलर्ट पर रहेंगे। वहीं, सेक्टर-17 परेड ग्राउंड, सेक्टर-34 और सेक्टर-46 के प्रमुख आयोजनों के आसपास शाम पांच से सात बजे तक यातायात डायवर्ट रहेगा। ऐसे में दशहरा देखने जाने वाले लोगों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करना होगा और घर से निकलने से पहले वैकल्पिक रास्तों की जानकारी लेनी होगी।
कैमरों, ड्रोन और छतों से निगरानी
आयोजन स्थलों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों, वीडियोग्राफी, ड्रोन और ऊंची इमारतों की छतों से निगरानी की व्यवस्था की गई है। मैदानों और पुतलों के आसपास एंटी-सबोटाज जांच कराई गई है। प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर से जांच होगी। वीआईपी और आम लोगों के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए गए हैं। महिलाओं की सुरक्षा और जेबकतरों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं और सरायों की जांच के साथ सीमावर्ती नाकों पर वाहनों की तलाशी भी की जा रही है।
पांच कंपनियां संभालेंगी सुरक्षा
दशहरा आयोजनों के लिए सीआरपीएफ की पांच कंपनियां तैनात रहेंगी। प्रमुख आयोजन स्थलों पर क्यूआरटी मुस्तैद रहेगी। सेक्टर-29 में बम निरोधक दस्ता अलर्ट पर रहेगा। सेक्टर-17 परेड ग्राउंड, सेक्टर-34 में गुरुद्वारा साहिब के पास वाटर कैनन और वज्र वाहन तैनात किए जाएंगे। सेक्टर-3, 11, 17, 26, 34, 39 और 49 के अलावा मनीमाजरा, मलोया और इंडस्ट्रियल एरिया समेत विभिन्न क्षेत्रों में थाना प्रभारियों और पर्यवेक्षण अधिकारियों को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तीन प्रमुख स्थलों के आसपास बदलेगा ट्रैफिक
शाम पांच से सात बजे तक सेक्टर-17 परेड ग्राउंड, सेक्टर-46 दशहरा ग्राउंड और सेक्टर-34 में आयोजनों के कारण आसपास के मार्गों पर आम वाहनों की आवाजाही नियंत्रित या डायवर्ट रहेगी। सेक्टर-17 में इस अवधि के दौरान संबंधित मार्गों पर केवल बसों को चलने की अनुमति होगी। सेक्टर-46 में सेक्टर-45/46 लाइट पॉइंट से सेक्टर-46 की ओर जाने वाली सड़क और सेक्टर-46 बी एंड सी टी-पॉइंट से दशहरा ग्राउंड की ओर जाने वाला मार्ग प्रभावित रहेगा। सेक्टर-34 में डिस्पेंसरी के पास सेक्टर-34ए और 34डी की ओर से मार्केट जाने वाली सड़क सहित आसपास के मार्गों पर यातायात नियंत्रित रहेगा।
यहां खड़े कर सकेंगे वाहन
सेक्टर-17: सेक्टर-22 पार्किंग, सेक्टर-22ए और 22बी मार्केट पार्किंग, सेक्टर-17 फुटबॉल ग्राउंड, नीलम सिनेमा के पीछे और सामने की पार्किंग तथा लोकल बस स्टैंड के साथ लगती पार्किंग।
सेक्टर-46: सेक्टर-46 मार्केट पार्किंग और सेक्टर-46डी बूथ मार्केट के पास पार्किंग।
सेक्टर-34: सब्जी मंडी ग्राउंड, श्याम मॉल पार्किंग, लाइब्रेरी बिल्डिंग पार्किंग, कॉम्प्लेक्स पार्किंग और सेक्टर-33डी मार्केट के पास खुला मैदान।
पैदल रास्तों पर वाहन खड़े नहीं करने की अपील
पुलिस ने लोगों से नो-पार्किंग जोन, साइकिल ट्रैक और पैदल रास्तों पर वाहन खड़े नहीं करने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को टो या क्लैंप किया जा सकता है। वाहन टो या क्लैंप होने पर ट्रैफिक हेल्पलाइन 1073 अथवा आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने निजी वाहनों का कम इस्तेमाल करने, कार पूलिंग को प्राथमिकता देने और संभव हो तो नजदीकी स्थानों तक पैदल जाने की सलाह दी है।
सेक्टर-46 में 106 फुट का रावण, सेक्टर-43 में जलेगा नशे का पुतला
सेक्टर-46 के दशहरा ग्राउंड में श्री सनातन धर्म दशहरा कमेटी की ओर से 29वां दशहरा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। यहां 106 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। कमेटी अध्यक्ष जतिंदर भाटिया के अनुसार, रावण की घूमती गर्दन, नाभि से निकलने वाली अमृत कुंड की धारा, आंखों से निकलने वाले आग के अंगारे और सोने की लंका का दहन आकर्षण होंगे। कार्यक्रम में चंडीगढ़ रत्न अवार्ड भी दिए जाएंगे। पुतलों की सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ निजी सुरक्षा का भी इंतजाम किया गया है।
वहीं, सेक्टर-43 में नव दशहरा कमेटी 75 फुट ऊंचे रावण के साथ नशे का पुतला भी जलाएगी। कमेटी के प्रधान डीके सिंह ने बताया कि लोगों के बैठने के लिए करीब पांच हजार कुर्सियों और 300 विशिष्ट अतिथियों के लिए मंच पर व्यवस्था की गई है। आयोजन के जरिये युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
इन जगहों पर होगा दशहरा आयोजन
सेक्टर-7, 14, 17, 24, 27, 28, 29, 30, 32, 40, 43, 46, 49 और 51 के अलावा मलोया, धनास, विकास नगर, मनीमाजरा और रामदरबार में भी दशहरा आयोजन होंगे।