चंडीगढ़ और सौराष्ट्र के बीच रणजी ट्रॉफी मुकाबले की सेक्टर 26 के गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के ग्राउंड पर शुरुआत हुई। चंडीगढ़ और सौराष्ट्र के बीच चार दिवसीय मुकाबला होगा। टॉस जीतकर सौराष्ट्र की टीम पहले बल्लेबाजी कर रही है। चिराग जाॅनी और हार्विक देसाई के बीच हुए 237 रनों की साझेदारी की बदौलत सौराष्ट्र ने मेजबान चंडीगढ़ के खिलाफ दो विकेट के नुकसान पर पहले दिन 299 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। जाॅनी ने जहां 153 की धुआंधार पारी खेलकर डटे हुए हैं, वहीं देसाई एक रन से शतक चूक गए। उन्होंने 99 रन बनाए। मुकाबला सेक्टर- 26 स्थित जीएमएसएसएस ग्राउंड में हो रहा है।
चार दिवसीय रणजी ट्रॉफी में चंडीगढ़ के कप्तान मनन वोहरा ने टाॅस जीत कर सौराष्ट्र को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। कप्तान का फैसला तब सार्थक साबित हुआ जब पारी की पहली ही गेंद में जगजीत संधू ने तरंग गोहल का विकेेट लिया। इस बेहतरीन शुरुआत के बावजूद भी चंडीगढ़ इस मौके को भुना नहीं पाया। इसके बाद देसाई और जानी ने 237 रनों की साझेदारी रच कर विपक्षी गेंदबाजों को विकेट के लिए खूब तरसाया।
पारी के 65वें ओवर में निशंक बिरला की एक फिरकी ने देसाई को विकेट कीपर मयंक सिद्धू के हाथों स्टंप आउट करवाया। जॉनी ने एक छोर संभाले रखा और नए बल्लेबाज शेल्डन जैकसन के साथ दिन का खेल खत्म होने तक 62 रनों की साझेदारी कर स्कोर को 299/2 पर पहुंचाया। जाॅनी 21 चौकों और दो छक्कों की मदद से 153 बनाकर क्रीज पर डटे हैं वहीं, शेल्डन जैक्सन 34 रन बनाकर बखूबी उनका साथ दे रहे हैं।