चंडीगढ़। रणजी ट्रॉफी में पंजाब की पहली पारी में 313 रनों के जवाब में दिल्ली ने 339 रन बनाकर पहली पारी में 26 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। इसके साथ ही तीसरे दिन का खेल समाप्त होने पर पंजाब ने अपनी दूसरी पारी में 44 रन पर 4 विकेट खोकर टीम को संकट में डाल दिया है। पंजाब टीम के कप्तान मंदीप सिंह 8 रन बनाकर खेल रहे हैं। जबकि शुभमन गिल दूसरी पारी में भी कुछ खास नहीं कर सके और दिल्ली के तेज गेंदबाज सुबोध भट्टी की गेंद पर विकेटकीपर अनुज रावत को 4 के निजी स्कोर पर कैच दे बैठे।
इससे पहले तीसरे दिन दिल्ली 4 विकेट पर 195 रनों से आगेे खेलने के लिए मैदान में उतरी और नाबाद बल्लेबाज नितीशा राणा के साथ पारी संभालने के लिए जोंटी सिद्घू ने धीमी शुरूआत की। दोनों बल्लेबाज 5वेें विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर 250 तक ले गए। उपकप्तान नितीश राणा को 92 के निजी स्कोर पर पंजाब के गेंदबाज बलतेज ने आउट किया। राणा ने अपनी पारी में 12 चौके लगाए। इसके बाद जोंटी सिद्घू के 80 गेंदो पर 7 चौके की मदद से 41 रन, ललित यादव के 39 रन, के.बिधूरी के 17 रनाें की पारी की बदौलत दिल्ली की टीम 115.5 ओवर में 339 रनों पर ऑल आउट हो गई। पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह ने 73 रन देकर 3 विकेट, मयंक मारकंडेय 77 रन देकर 3 विकेट और बलतेज सिंह ने 74 रन देकर 2 विकेट झटके।
इसके बाद ख्ेालने उतरी पंजाब की दूसरी पारी भी लड़खड़ा गई और सलामी बल्लेबाज 20 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। जिसमें शुभमन गिल 4 रन और सनवीर सिंह 11 रन पर आउट हो गए। सनवीर सिंह को दिल्ली के तेज गेंदबाज सिमरजीत सिंह ने विकेटकीपर अनुज रावत के हाथों कैच आऊट करवाया। जबकि पंजाब की ओर से ऑलराउंडर गुरकीरत सिंह 15 और अनमोलप्रीत सिंह शून्य पर जल्दी ही पवेलियन लौट गए। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने पर पंजाब 13 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 44 रन ही बना सकी है। पंजाब की ओर से कप्तान मंदीप सिंह नाबाद 8 रन और एस.आर. लुंबा नाबाद क्रीज पर टीके हैं। दिल्ली की ओर से सिमरजीत सिंह ने 21 रन देकर 2 विकेट, सुबोध भट्टी और के.बिधूरी ने 1-1 विकेट झटके।