चंडीगढ़। दाएं हाथ के मध्यम गति के गेंदबाज निपुण पंडिता की ओर से चटकाई गई 5 विकेटों की बदौलत चंडीगढ़ ने पुड्डुचेरी की टीम को कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी मैच के पहले ही दिन रविवार को 156 रनों पर ढ़ेर कर दिया। सेक्टर-16 के क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में रविवार को दिन का खेल समाप्त होने तक मेजबान चंडीगढ़ की टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 58 रन जुटा लिए हैं। इससे पहले चंडीगढ़ ने टॉस जीतकर पुड्डुचेरी को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया।
इसके बाद मेहमान टीम की शुरुआत निराशाजनक रही। पंडिता ने अपनी गेंदबाजी के तीसरे ओवर में यश जाधव को 17 के निजी स्कोर पर आउट किया। मनदीप सिंह ने मेहमानों को एक बड़ा झटका तब दिया जब उन्होंने टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन जुटा चुके पारस रत्नापारखे को मात्र 8 रनों पर चलता किया। इसके बाद संचित साहू ने आकाश करघवे को मात्र 1 रन पर रनआउट कर टीम का स्कोर 15वें ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 35 रन पर लाकर खड़ा किया। पंडिता ने विपक्ष को एक ओर करारा झटका दिया, जिसमें पहले उन्होंने 72 गेंदों पर 18 बना चुके बल्लेबाज मनिकंदन को आउट किया। इसके बाद कप्तान सांई कार्थिक की पारी का भी अंत कर दिया।
इसी बीच गेंदबाज भागमेंदर लादेर ने जॉर्ज को 4 रनों पर आउट किया। पंडिता ने विपक्षी खेमे में अपनी गेंदबाजी का भय बरकरार रखा और अश्विन और सतीश जंगीर दोनों को शून्य पर आउट कर पारी को 8 विकेट के नुकसान पर 98 रनों पर ला खड़ा किया। शिवांग सैनी ने सिदक सिंह (26) का एकमात्र विकेट चटकाया। मैच में 37 रन देकर 5 विकेट चटकाने वाले निपुण पंडिता पारी के सबसे सफल गेंदबाज रहे। जबकि मनदीप सिंह, भागमेंदर लादेर, शिवांग सैनी और हर्षित सिंह के खाते में एक-एक विकेट आए।
अपनी पहली पारी खेलने उतरी चंडीगढ़ ने भी सधी शुरुआत की, परन्तु अभिजीत सरनाथ ने 13वें ओवर में संचित साहू को 18 के निजी स्कोर पर आउट किया। 2 ओवर के बाद ही सिदक सिंह ने तरनप्रीत सिंह को शून्य पर आउट किया। जिससे चंडीगढ़ का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 37 रन हो गया। दिन का खेल खत्म होने तक जगमीत सिंह 33 और हर्षित सिंह 6 रन बनाकर खेल रहे थे।