कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार फूड कारपोरेशन ऑफ इंडिया (एफसीआई) को तालाबंदी की ओर ले जा रही है। उन्होंने कहा कि एफसीआई पर लगातार कर्ज बढ़ रहा है और उसकी वित्तीय हालत खराब होती जा रही है। सुरजेवाला ने कहा कि केंद्र सरकार ने एफसीआई की लगभग 1.74 लाख करोड़ रुपये फूड सब्सिडी का बकाया अभी तक नहीं दिया है। इसी वजह से एफसीआई का कर्ज भी बढ़कर पांच साल में करीब 2.65 लाख करोड़ हो गया है।
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में प्रेसवार्ता में सुरजेवाला ने इसे भाजपा सरकार का षड़यंत्र करार दिया है। सुरजेवाला ने कहा कि इसके अलावा सरकार फसल खरीद भी सीमित करने जा रही है, जिसका सीधा असर पंजाब और हरियाणा के किसानों पर पड़ेगा। 14 दिसंबर को होने वाली भारत बचाओ रैली में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों की आय 2022 तक दोगुना करने का सपना दिखाने वाली सरकार अब किसान की ‘न्यूनतम समर्थन मूल्य’ प्रणाली ही खत्म करने पर विचार कर रही है। हरियाणा सरकार भी किसानों से किए जा रहे धोखे की लैबोरेटरी बन गई है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार यह भूल रही है कि देश की खाद्य सुरक्षा हरियाणा व पंजाब पर निर्भर है व खाद्यान्न के केंद्रीय कोटे में हरियाणा व पंजाब का (खास तौर पर गेहूं की फसल) 65 प्रतिशत से अधिक हिस्सा है। ऐसे में इन दोनों राज्यों के किसानों का बड़ा नुकसान होगा।
गृहमंत्री अनिल विज द्वारा भ्रष्टाचार के एक मामले में उनके खिलाफ नई एसआईटी गठित कर जांच करवाने के मामले में सुरजेवाला ने कहा कि गृहमंत्री पहले हरियाणा में हुए करीब पांच हजार करोड़ के खनन मामले में तो जांच करवा लें।