पंजाब के बठिंडा में तलवंडी साबो उपचुनाव हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच संपन्न हो गया। जाली मतदान को लेकर कुछ स्थानों पर मामूली झड़पें हुईं, जबकि रामां मंडी में हवाई फायरिंग भी हुई।
इसमें कोई घायल तो नहीं हुआ, लेकिन इसके बाद हुए पथराव में तीन-चार गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। इस कारण करीब आधा घंटा मतदान रुका रहा। पुलिस ने मौके पर स्थिति को संभाला और मतदान शुरू करवाया। मामला उस समय गर्माया जब रामां मंडी में बूथ नंबर 38, 38 ए, 41 और 42 पर कांग्रेस के कुछ कार्यकर्त्ताओं ने जाली मतदान का आरोप लगाया।
इस दौरान अकाली और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भारी जमावड़ा था। दोनों ओर से नारेबाजी होने लगी, जिससे स्थिति गंभीर बन गई। नौबत धक्कामुक्की तक पहुंच गई।
अकाली कार्यकर्ता ने चलाई गोली!
इसी दौरान एक अकाली कार्यकर्ता ने हवा में गोली चला दी। इस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी आवेश में आकर पथराव शुरू कर दिया और दोनों ओर से स्थिति हिंसक बन गई। इसी दौरान बड़ी संख्या में पहुंची पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ अकाली कार्यकर्ता कांग्रेस प्रत्याशी हरमिंदर सिंह जस्सी को घेरने के लिए उनकी ओर लपके, तभी जस्सी के साथ चल रही कमांडो फोर्स ने जस्सी को घेरे में लेकर उनका बचाव किया। ललकारने पर शिअद कार्यकर्ता भाग खड़े हुए।
जिलाधीश और एसएसपी सहित उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर मामले को संभाला और दोनों पक्षों को समझा कर दोबारा मतदान शुरू करवाया। इसके अलावा गांव सुक्खलदी, कनकवाल, दूनेवाला में भी अकाली और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मामूली झड़पें हुईं।
45 मिनट तक मतदान रुका रहा
तलवंडी साबो के बूथ नंबर 104 पर जाली मतदान को लेकर हंगामा हुआ। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शिअद कार्यकर्ताओं ने बूथ पर कब्जा कर जाली मतदान किया। इससे लगभग 45 मिनट तक मतदान रुका रहा। बाद में चुनाव अधिकारी की दखलंदाजी से मतदान दोबारा चालू करवाया गया।
अकाली और कांग्रेस की ओर से बाहरी लोगों को बड़ी संख्या में लाने का आरोप लगता रहा। कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि पूरी पंजाब सरकार तलवंडी उपचुनाव में बैठी हुई है जबकि शिअद नेताओं ने प्रताप सिंह बाजवा सहित बड़े नेताओं पर समर्थकों सहित वहां डेरा जमाने का आरोप भी लगाया।
तीन बजे तक 53 प्रतिशत मतदान हो चुका था जबकि लगभग साढ़े चार बजे अचानक तेजी आई और मतदान 66 प्रतिशत तक पहुंच गया। उपचुनाव में कुल 7 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। मुख्य मुकाबला शिअद, कांग्रेस और आप में है।