जेल में सजा काट रहे राम रहीम की टेंशन और बढ़ने वाली है, क्योंकि डेरा सच्चा सौदा का अब एक ऐसा सच सामने आया है, जिसे लेकर नोटिस जारी करने की तैयारी चल रही है। दरअसल, डेरा सच्चा सौदा सिरसा के शिक्षण संस्थानों ने नगरपरिषद को पिछले सात सालों से प्रॉपर्टी टैक्स अदा नहीं किया।
यह सच सामने आने के बाद अब राम रहीम की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। क्योंकि नगरपरिषद ने डेरे के शिक्षण संस्थानों को प्रॉपर्टी टैक्स के नोटिस भेजने की तैयारी कर ली। शिक्षण संस्थानों को अगले सप्ताह नोटिस भेजे जाएंगे। इन शिक्षण संस्थानों की ओर करीब 20 लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराया जान है।
बता दें कि नगर परिषद सिरसा ने प्रॉपर्टी धारकों से टैक्स वसूलने के लिए सर्वे शुरू करवाया। जिनका टैक्स बकाया है, उन्हें नोटिस भेजे जा रहे हैं। पुराने डेरे के पास डेरा सच्चा सौदा के शाह सतनाम जी स्कूल और कॉलेज इंस्टीट्यूट है। रिहायशी एरिया भी बनता है। कुल मिलाकर डेरे का करीब 52 हजार 870 वर्ग गज एरिया प्रॉपर्टी टैक्स में शामिल है, लेकिन डेरे ने 2012 के बाद से इस प्रॉपर्टी का टैक्स अदा नहीं किया।
साल दर साल बढ़कर अप्रैल 2018 तक टैक्स करीब 17 लाख 52 हजार 323 रुपये बन गया था। अब एक साल का करीब ढाई लाख और प्रॉपर्टी टैक्स जुड़ने के बाद यह राशि अब करीब 20 लाख रुपये हो गई है। नगर परिषद के कर अधीक्षक गुरशरण सिंह ने दो दिन पहले डेरे के शिक्षण संस्थान के एक पदाधिकारी को फोन पर कर जमा करवाने के निर्देश दिए थे, लेकिन उस पदाधिकारी ने कहा कि उनके खाते सीज है। इसलिए अदा करने में दिक्कत है। उनका सीए उनसे बातचीत कर लेगा।